Yoga Day 2025: 7 साल की उम्र में आप क्या कर रहे थे? मिलिए दुनिया के सबसे युवा योग गुरु से, बच्चे का नाम गिनीज बुक में हुआ दर्ज

International Yoga Day 2025: सात साल के प्रत्यक्ष विजय कई बच्चों और बड़ों को योग का ट्रेनिंग दे रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर प्रत्यक्ष दुनिया के सबसे कम उम्र के योग ट्रेनर बन गए। कल यानी 21 तारीख को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देशभर में तैयारी चल रही है

अपडेटेड Jun 20, 2025 पर 10:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
International Yoga Day 2025: भारत की अपील पर 21 जून को संयुक्त राष्ट्र ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया था

International Yoga Day 2025: जब आप सात साल के थे तो क्या कर रहे थे? इस उम्र में ज्यादातर बच्चे खेलदूक में मस्त रहते हैं। लेकिन सात साल के प्रत्यक्ष विजय कई बच्चों और बड़ों को योग का ट्रेनिंग दे रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर प्रत्यक्ष दुनिया के सबसे कम उम्र के योग ट्रेनर बन गए। कल यानी 21 तारीख को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देशभर में तैयारी चल रही है। दुनिया के सबसे छोटे योग गुरु प्रत्यक्ष विजय 21 जून को सबसे बड़ी योग क्लास आयोजित करेंगे।

प्रत्यक्ष राजस्थान के कोटा के बोरखेड़ा स्थित देवाशीष सिटी में रहते हैं। उन्होंने अपनी मां दीक्षा विजय से योग की शुरआती शिक्षा ली। इसके बाद उन्होंने प्रोफेशनल योग क्लासेस में एडमिशन लिया। फिर कुछ समय बाद दूसरों को भी योग का ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया। उनके पिता गौरव विजय के मुताबिक, प्रत्यक्ष ने छह साल की उम्र में ही सबसे कम उम्र के योग टिचर बनने का रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने महज चार साल की उम्र में योग सीखना और पांच साल की उम्र में लोगों को योग का ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया। छोटे योग गुरु ने पिछले साल वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए अप्लाई किया था। प्रत्यक्ष को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने दुनिया का सबसे छोटा योग गुरु घोषित किया है। साथ ही उन्हें इंटरनेशनल योग बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी जगह मिला है।


इससे पहले यह रिकॉर्ड दुबई की साढ़े सात साल की बच्ची के नाम था। प्रत्यक्ष ने 'नवभारत टाइम्स' से कहा, "मैं पूरी दुनिया को योग सिखाना चाहता हूं। योग से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास होता है। यह ताकत, लचीलापन और शांति देता है।"

प्रत्यक्ष ऑनलाइन और ऑफलाइन योगा क्लासेस के जरिए दुनिया भर के बच्चों को योग का ट्रेनिंग देते हैं। उनकी क्लासेस में भारत के अलावा कनाडा के बच्चे भी शामिल होते हैं। योग व्यायाम 5,000 साल पुराना है। इसमें स्ट्रेचिंग, सांस लेना और मन को आराम देना शामिल है।

प्रत्यक्ष के नाम दर्ज हैं ये रिकॉर्ड

- मार्च 2023 में प्रत्यक्ष विजय ने ऑनलाइन आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 2 मिनट में 27 योगासन करके जीत हासिल की थी।

- जून 2023 में कोटा में आयोजित नव राष्ट्र योग प्रतियोगिता में उन्हें चैंपियन ऑफ चैंपियन का खिताब मिला।

- जुलाई 2023 में विजय ने सबसे कम उम्र में प्लैंक आसन ऑनलाइन करके इंटरनेशनल योग बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया।

- फरवरी 2024 में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से उन्हें भारत के सबसे युवा योग गुरु का खिताब मिला।

- अगस्त 2024 में जिला स्तर पर योग ट्रेनिंग के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

- अक्टूबर 2024 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से उन्हें दुनिया के सबसे युवा योग गुरु का खिताब मिला।

इस साल 4 लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

इस महीने की 21 तारीख को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रमुख आयोजन 'योग संगम' के लिए अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेन कराया है। आयुष मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि भारत में किसी भी एक आयोजन में इतने बड़े पैमाने पर सुनिश्चित भागीदारी कभी नहीं हुई है। बयान में कहा गया है कि 21 जून को देश भर में लाखों स्थानों पर एक साथ योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। यह भारत की आरोग्य यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण होगा।

मुख्य समारोह विशाखापत्तनम में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के साथ पांच लाख से अधिक लोग एक साथ तय योग आसन करेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि शनिवार सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित योग संगम अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक योग कार्यक्रम होगा। इसमें लाखों संस्थान, संगठन और समुदाय के सदस्य एक साथ योग करेंगे।

ये भी पढ़ें- Air India Safety: एयर इंडिया की सेफ्टी में गलती निकालने पर दो एंप्लॉयीज की गई नौकरी! टाटा कंपनी ने दी सफाई

राजस्थान, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश उन राज्यों में शामिल हैं, जहां सबसे अधिक संख्या में लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। मंत्रालय ने कहा कि भागीदारी में यह वृद्धि इस साल के विषय 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' के प्रति व्यापक उत्साह को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा कि यह एक ऐसा संदेश है जो योग को वैश्विक स्थिरता और व्यक्तिगत कल्याण के साथ जोड़ता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।