GDA Plot Scheme 2026: दिल्ली-एनसीआर में अपनी जमीन और अपना घर का सपना देखने वालों के लिए एक शानदार मौका आया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने मधुबन बापूधाम आवासीय भूखंड योजना 2026 की शुरुआत की है। इस योजना के तहत छोटे और मध्यम आकार के प्लॉट शानदार रेट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विकास प्राधिकरण की जमीन होने की वजह से इस प्रॉपर्टी के भविष्य में शानदार रिटर्न देने की भी पूरी संभावनाएं हैं।
इस योजना की पूरी जानकारी, प्लॉट की कीमतें और आवेदन करने का तरीका यहां नीचे विस्तार से बताया गया है-
आपको बता दें कि GDA ने मधुबन बापूधाम में आवासीय भूखंडों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां 40 वर्गमीटर से लेकर 200 वर्गमीटर तक के विभिन्न साइज के प्लॉट उपलब्ध हैं। इनकी शुरुआती कीमत सिर्फ 14 लाख रुपये से शुरू हो जाती है। यह योजना उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो गाजियाबाद में एक सरकारी और सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं।
प्लॉट की विस्तृत जानकारी और कीमतें
GDA ने भूखंडों को आठ अलग-अलग श्रेणियों (A से H) में विभाजित किया है। सभी भूखंडों के लिए आवंटन दर 35000 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है-
छोटे प्लॉट (40, 60, 90 वर्गमीटर): 40 वर्गमीटर (श्रेणी H) के प्लॉट की कुल कीमत 14 लाख रुपये है। वहीं 60 वर्गमीटर के लिए 21 लाख और 90 वर्गमीटर के लिए 31.50 लाख रुपये निर्धारित हैं।
मध्यम प्लॉट (112.50 से 150 वर्गमीटर): इस श्रेणी में 112.50 वर्गमीटर का प्लॉट लगभग 39.37 लाख रुपये और 150 वर्गमीटर का प्लॉट 52.50 लाख रुपये का पड़ेगा।
बड़े प्लॉट (200 वर्गमीटर): श्रेणी A के तहत आने वाले 200 वर्गमीटर के प्लॉट की कुल आरक्षित कीमत 70 लाख रुपये रखी गई है।
यहां नीचे देखिए किस साइज के प्लॉट कितनी संख्या में उपलब्ध हैं
रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया
योजना में शामिल होने के लिए आवेदकों को पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसकी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है। पंजीकरण के लिए विवरण पुस्तिका (Brochure) 11 मई 2026 से 25 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। आवेदक को 1100 रुपये (GST सहित) का ऑनलाइन भुगतान कर विवरण पुस्तिका लेनी होगी।
इच्छुक लोग GDA की आधिकारिक वेबसाइट www.gdaghaziabad.in या https://janhit.upda.in पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदक को अपना आधार कार्ड और पैन कार्ड पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
पंजीकरण धनराशि (Booking Amount)
प्लॉट बुक करने के लिए आवेदन के समय एक निश्चित धनराशि जमा करनी होगी:
सामान्य श्रेणी: भूखंड की कुल कीमत का 10% हिस्सा पंजीकरण के रूप में जमा करना होगा (जैसे 40 वर्गमीटर के लिए 1.40 लाख रुपये)।
आरक्षित श्रेणी: आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि कुल कीमत का 5% तय की गई है (जैसे 40 वर्गमीटर के लिए 70,000 रुपये)।
पात्रता शर्तें और योजना की विशेषताएं
GDA ने आवेदन के लिए कुछ मानक तय किए हैं। आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है और उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। आवेदक या उसके परिवार के नाम गाजियाबाद में पहले से कोई आवंटित संपत्ति नहीं होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में एक से अधिक आवासीय भवन या भूखंड होने पर भी आवेदन नहीं किया जा सकेगा। प्लॉट का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। भुगतान के लिए 8 आसान किस्तों की सुविधा उपलब्ध है। अगर कोई आवेदक एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे 6% की विशेष छूट दी जाएगी। आपको बता दें कि जीडीए का दावा है कि मधुबन बापूधाम क्षेत्र आधुनिक सुविधाओं और बेहतरीन कनेक्टिविटी से लैस है। जीडीओ की ओर से इसे भविष्य के लिए एक स्मार्ट लोकेशन की तरह पेश किया जा रहा है।