मणिपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के नए सीएम होंगे। उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। खेमचंद मेतई सुमदाय से आते हैं। 62 साल से खेमचंद सिंह बीरेन सरकार में नगर प्रशासन और आवास विभाग के मंत्री थे। फिलहाल वो सिंगजामेई विधानसभा सीट से विधायक हैं।
बता दें कि, मणिपुर में नई सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। राष्ट्रपति शासन को हटाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीजेपी ने मणिपुर विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को आब्जर्वर नियुक्त किया था।
लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अनिश्चितता के बीच फरवरी 2025 से मणिपुर में केंद्र सरकार का शासन लागू था। अब राज्य में चुनी हुई सरकार की वापसी को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है। इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा नेता और विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने कहा कि राज्य में चुनी हुई सरकार की वापसी बहुत पहले ही हो जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा, “यह एक अच्छी बात है कि अब मणिपुर में लोकप्रिय और चुनी हुई सरकार होगी। हम इस फैसले के लिए केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं। हर समस्या का समाधान संभव है।” थोकचोम राधेश्याम सिंह ने आगे कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में बनी नई सरकार के साथ मिलकर राज्य को आगे बढ़ाने का रास्ता निकाला जाएगा।
युमनाम खेमचंद सिंह कौन हैं?
युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2017 और 2022 के मणिपुर विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। साल 2017 से 2022 तक युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर विधानसभा के स्पीकर के रूप में काम किया। इसके बाद वे दूसरी बिरेन सिंह सरकार में राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा बने। कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने नगर प्रशासन और आवास विकास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज और शिक्षा जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वे फरवरी 2025 में राष्ट्रपति शासन लागू होने तक अपने पद पर बने रहे। अब विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उन्हें राज्य का नेतृत्व करने का मौका मिला है।