AIIMS CRE-5 recruitment 2026: सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ग्रुप बी और ग्रुप सी के पदों पर बंपर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। यह उन सभी उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है जो मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे। एम्स में ये भर्ती कॉमन रेक्रूटमेंट एग्जामिनेशन-5 (CRE-5) के जरिए की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए एम्स नई दिल्ली ने 28 अलग-अलग संस्थानों में 1484 ग्रुप बी और सी पदों पर CRE-5 भर्ती 2026 निकाली है, जिसके लिए योग्य उम्मीदवार 3 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। खास बात ये है कि 12वीं पास उम्मीदवार भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
CRE-5 में शामिल हैं ये संस्थान
CRE-5 परीक्षा एक सिंगल-विंडो सिस्टम है, जिसे युवाओं की सहूलियत के लिए बनाया गया है। इसके तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अलग-अलग एम्स के लिए बार-बार फॉर्म भरने या अलग से फीस चुकाने की कोई जरूरत नहीं है। इसके जरिए उम्मीदवार सिर्फ एक बार परीक्षा देंगे और मेरिट के आधार पर 28 अलग-अलग संस्थानों में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं। इन संस्थानों में एम्स नई दिल्ली, भोपाल, पटना, गोरखपुर, ऋषिकेश, बठिंडा, नागपुर के अलावा आईसीएमआर और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
57 अलग-अलग भर्ती समूह में बांटे गए हैं पद
इस भर्ती में कुल 57 अलग-अलग ग्रुप्स के पद रखे गए हैं। इनमें जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, असिस्टेंट डाइटीशियन, जूनियर इंजीनियर, फार्मासिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर और क्लर्क जैसी ढेरों शानदार पोस्ट शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 03 जुलाई 2026 (शाम 5:00 बजे तक) तय की गई है। इसके अलावा, जो लोग पहले से सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें अपनी NOC हर हाल में 6 जुलाई तक जमा करनी होगी। फॉर्म स्वीकार होने या नहीं होने का स्टेटस 9 जुलाई 2026 को चेक किया जा सकेगा। वहीं, अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा, तो कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) 25 से 27 जुलाई 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा।
शैक्षिक योग्यता : हर पद की जिम्मेदारी और योग्यता अलग-अलग तय की गई है। क्लर्क और असिस्टेंट पदों पर 12वीं पास युवाओं से लेकर ग्रेजुएट कर चुके लोग आवेदन कर सकते हैं। इनकी कंप्यूटर पर टाइपिंग स्पीड अच्छी होनी चाहिए। वहीं, टेक्निकल और मेडिकल पदों के लिए खास डिग्रियां मांगी गई हैं। मसलन, फार्मासिस्ट के लिए फार्मेसी में डिप्लोमा होना चाहिए, जूनियर इंजीनियर के लिए संबंधित ट्रेड में ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है और लैब टेक्नोलॉजिस्ट के लिए बीएससी पास होना लाजमी है।
उम्र सीमा : ज्यादातर ग्रुप-C के पदों के लिए उम्र 18 से 30 साल के बीच रखी गई है। हालांकि, कुछ खास टेक्निकल पदों के लिए यह लिमिट 35 साल तक भी है। सरकारी नियमों के मुताबिक SC/ST उम्मीदवारों को उम्र में 5 साल और OBC (नॉन-क्रीमी लेयर) वालों को 3 साल की छूट दी जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए जनरल और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 3,000 रुपये की फीस भरनी होगी, जबकि SC, ST और EWS वालों के लिए यह फीस 2,400 रुपये तय की गई है। दिव्यांगों को फॉर्म की फीस से पूरी तरह छूट दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले SC/ST उम्मीदवार का आवेदन शुल्क रिजल्ट के बाद उनके बैंक अकाउंट में वापस भेज दिया जाएगा।