IAF Agniveer Vayu Recruitment 2025: अगर आप भारतीय वायु सेना में काम करने का सपना देख रहे हैं तो ये खबर आपके लिए काम की है। भारतीय वायु सेना ने अग्निवीर वायु भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार इसकी आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हो गई है। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2025 है। आइए जानते हैं एयरफोर्स में अग्निवीर बनने की क्या योग्यता होती है और इसके लिए कैसे आवेदन करें।
क्या है एज लिमिट और योग्यता
भारतीय वायु सेना ने अग्निवीर वायु भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2006 से 1 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद नामांकन के समय उम्मीदवार की उम्र 21 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। आईएएफ अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को ऑनलाइन एग्जाम के लिए 550 रुपये + जीएसटी फीस भरनी होगी।
अग्निवीर वायु बनने के लिए 12वीं पास युवा आवेदन कर सकते हैं। साइंस स्ट्रीम के उम्मीदवारों को फिजिक्स, मैथ्स और इंग्लिश विषय के साथ 50% अंक लाना जरूरी है। इसके अलावा, जिन्होंने पॉलिटेक्निक से मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेंटेशन या आईटी में तीन साल का डिप्लोमा कोर्स किया है, वे भी आवेदन के पात्र हैं। वहीं आर्ट्स या किसी भी अन्य स्ट्रीम से 12वीं पास करने वाले युवा भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं, अगर उनके कुल और इंग्लिश में कम से कम 50% अंक हों।
आईएएफ अग्निवीर भर्ती में सबसे पहले उम्मीदवारों को उनके चुने गए विषय (साइंस या नॉन-साइंस) के आधार पर ऑनलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी। परीक्षा पास करने वालों की फिजिकल फिटनेस जांच की जाएगी। इसके बाद अंतिम चरण में उम्मीदवारों का वायु सेना के तय स्वास्थ्य मानकों के हिसाब से मेडिकल टेस्ट लिया जाएगा।
अग्निवीर वायु भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को agnipathvayu.cdac.in वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अपने व्यक्तिगत जानकारी भरें, जरूरी डाक्युमेंट अपलोड करें और एग्जाम सेंटर के पांच विकल्प चुनें। अंत में आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करके आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। भविष्य की जरुरत के लिए फॉर्म का एक प्रिंट आउट निकाल कर रख लें।