बैंकिंग क्षेत्र में काम करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) की प्रोबेशनरी अधिकारी (PO) भर्ती प्रक्रिया सुनहरा अवसर है। इसके लिए आवेदन काफी पहले किया जा चुका है और अभ्यर्थी इसकी प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे थे। इनका इंतजार अब खत्म हो गया है और आईबीपीएस ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर पीओ की प्रीलिम परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की विंडो 24 अगस्त तक खुली रहेगी।
उम्मीदवार अपने पंजीकरण संख्या/रोल नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि की मदद से आईबीपीएस पीओ प्रारंभिक परीक्षा के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह भर्ती अभियान 5,208 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों के लिए आयोजित किया जा रहा है। उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और पर्सनल इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। आईबीपीएस पीओ की प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा देने के लिए पात्र होंगे। फिर इसमें सफल उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के बाद साक्षात्कार होगा। प्री परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न और अन्य विवरण, आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए नोटिफिकेशन में उपलब्ध है।
प्रारंभिक परीक्षा में तीन हिस्सों में होगी
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद, उम्मीदवारों को नाम, फोटो, हस्ताक्षर आदि जैसे व्यक्तिगत विवरण सही ढंग से प्रिंट होने की जांच कर तसल्ली करनी चाहिए। एडमिट कार्ड में किसी भी तरह की त्रुटि या गलती होने पर तुरंत संस्थान को इसकी सूचना देनी चाहिए। बता दें कि एडमिट कार्ड के साथ उम्मीदवारों के लिए एक सूचना पुस्तिका भी जारी की गई है। परीक्षा के बारे में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को हैंडआउट पढ़ना चाहिए।
IBPS PO प्री परीक्षा 2025 ऑनलाइन एग्जाम सेंटर पर ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। ये परीक्षाएं देशभर के चुनिंदा केंद्रों पर 17, 23 और 24 अगस्त को आयोजित होंगी। परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड, एक मान्य फोटो आईडी और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो साथ ले जाना जरूरी होगा। बिना एडमिट कार्ड के उम्मीदवारों को एग्जाम सेंटर में नहीं जा पाएंगे।
IBPS ने 30 जून 2025 को नोटिफिकेशन जारी किया था जिसमें 11 सरकारी बैंकों में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) के 5,208 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। इन सरकारी बैंकों में बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं।