RRB NTPC 2026: रेलवे में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले ग्रेजुएट युवाओं के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) से अच्छी खबर आई है। बोर्ड ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) भर्ती 2026 के लिए 5,165 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दी। बोर्ड ने इस भर्ती के लिए गुरुवार को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें स्नातक स्तर के 3,477 और स्नातक से नीचे के 1,688 पद शामिल हैं।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को स्वीकृत पदों के आधार पर भर्ती के लिए अंतिम मांग भेजने का निर्देश दिया है। फिलहाल अभ्यर्थियों के आवेदन की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी जारी नहीं हुई है। ये विवरण केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगे।
बोर्ड ने ग्रेजुएट लेवल के कुल वैकेंसी में से, 3,477 पदों के लिए मंजूरी दी है। इसमें 2750 ट्रैफिक/ऑपरेटिंग पोस्ट, 56 चीफ कमर्शियल-कम-टिकट सुपरवाइजर, 300 जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट-कम-टाइपिस्ट और 371 सीनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के लिए हैं।
इसके अलावा 1,688 नियुक्तियां अंडरग्रेजुएटस्तर के पदों के लिए हैं। इसमें 200 अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, 700 कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क, 600 जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट और 188 ट्रेन्स क्लर्क के लिए हैं। ये पद अलग-अलग जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स में फैले हुए हैं। रेलवे बोर्ड ने आने वाले केंद्रीकृत रोजगार नोटिफिकेशन (CEN) के लिए इन पदों को मंजूरी दी है। नोटिस में इंडियन रेलवे इंस्टिट्यूट ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट (IRIFM), सिकंदराबाद के लिए वैकेंसी भी शामिल हैं।
रेलवे बोर्ड के अनुसार संबंधित जोनल इकाइयां और उत्पादन इकाइयां 7 से 15 सितंबर 2026 तक अंतिम मांग दर्ज करेंगी। इसके बाद मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर 16 से 22 सितंबर, रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 23 से 25 सितंबर और नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर 26 सितंबर से आगे की प्रक्रिया होगी।
आवेदन की तारीख अभी नहीं हुई जारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत पदों से अधिक पदों की मांग नहीं भेजी जाए। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस समेत निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।