RRB NTPC Exam Date 2026: आरआरबी NTPC ग्रेजुएट लेवल की एग्जाज डेट हुई जारी, जानें किस दिन से शुरू होगा एग्जाम

RRB ने NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2025 के CBT-1 परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी गई हैं। परीक्षा 16 से 27 मार्च 2026 के बीच होगी। एग्जाम सिटी स्लिप करीब 10 दिन पहले और एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे

अपडेटेड Feb 14, 2026 पर 11:10 PM
Story continues below Advertisement
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों का आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2025 के लिए परीक्षा (CBT 1) की तारीखों की घोषणा कर दी हैं। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, आरआरबी सीबीटी-1 परीक्षा 16 मार्च से 27 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। RRB NTPC ग्रेजुएट लेवल CBT-1 परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप एग्जाम से लगभग 10 दिन पहले जारी करेगा। उम्मीदवार इस स्लिप को डाउनलोड करके अपने एग्जाम का शहर देख सकते हैं। एग्जाम का एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब चार दिन पहले जारी किया जाएगा। बता दें कि रेलवे भर्ती बोर्ड ने अक्टूबर-नवंबर 2025 में कुल 5,810 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत अक्टूबर और नवंबर 2025 में कुल 5,810 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। यह भर्ती विभिन्न गैर-तकनीकी पदों को भरने के लिए की जा रही है।

एग्जाम सेंटर में आधार ले जाना जरुरी


जारी नोटिफिकेशन के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों का आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसलिए परीक्षार्थियों को अपना मूल आधार कार्ड या ई-आधार का सत्यापित प्रिंटआउट साथ लाना जरूरी होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, वे आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर लें। रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सुझाव दिया कि वे परीक्षा केंद्र जाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनका आधार UIDAI की वेबसाइट पर अनलॉक स्थिति में है। ऐसा करने से बायोमेट्रिक जांच के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी और परीक्षा में प्रवेश तथा अन्य प्रक्रियाएं आसानी से पूरी हो सकेंगी।

क्वालिफाइंग होगा CBT-1 एग्जाम

CBT-1 यानी पहला कंप्यूटर आधारित टेस्ट केवल क्वालिफाइंग होगा और इसके अंक अंतिम मेरिट सूची में नहीं जोड़े जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे और इसके लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें गणित से 30 अंक, जनरल इंटेलिजेंस और रीजनिंग से 30 अंक तथा जनरल नॉलेज/करंट अफेयर्स से 40 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई यानी 0.33 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। CBT-1 में सफल होने वाले उम्मीदवारों में से लगभग 15 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा।

कितने अंकों का होगा CBT-2 एग्जाम

दूसरा चरण यानी CBT-2 (मेन एग्जाम) सबसे जरूरी स्टेज है, क्योंकि इसी के अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट तय की जाती है। RRB NTPC ग्रेजुएट लेवल के लिए CBT-2 में कुल 120 प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा की अवधि 90 मिनट होती है। इसमें भी हर गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग लागू रहती है। इसी परीक्षा के अंकों से ये तय होता है कि उम्मीदवार को कौन-सी पोस्ट मिल सकती है, जैसे स्टेशन मास्टर पद के लिए कट-ऑफ आमतौर पर सबसे अधिक रहती है।

कैसे होगा सेलेक्शन मेरिट लिस्ट

CBT-1 और CBT-2 के बाद पद के अनुसार स्किल टेस्ट या कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) कराया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) होगा। अंतिम मेरिट सूची CBT-2 और, जहां लागू हो, CBAT के अंकों के आधार पर तैयार की जाती है। CBT-1 और टाइपिंग टेस्ट के अंक फाइनल मेरिट में शामिल नहीं किए जाते।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।