RRB NTPC UG 2026 Admit Card: 13 जून को होने वाली फेज 2 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी, आधिकारिक वेबसाइट से करें डाउनलोड

RRB NTPC UG 2026 Admit Card: आरआरबी ने 13 जून को होने वाली एनटीपीसी यूजी फेज 2 परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 6:53 PM
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 3,058 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।

RRB NTPC UG 2026 Admit Card: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगारीज (NTPC) स्नातक (UG) भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण (Phase-2) की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 3,058 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इसके लिए तकरीबन 63.27 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। यह परीक्षा 13 जून 2026 को आयोजित होने वाली है और इसके लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार अपने संबंधित आरआरबी क्षत्र की आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा पूरे देश में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड (CBT) में आयोजित की जाएगी।

आरआरबी एनटीपीसी यूजी 2026 भर्ती परीक्षा में 63 लाख अधिक उम्मीदवारों के आवेदन होने के कारण यह देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल हो गई है। जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 13 जून को होने वाली है उन्हें हॉल टिकट डाउनलोड करने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि या पासवर्ड दर्ज करना होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य है इसलिए अभ्यर्थी समय रहते इसे डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लें।

13 से 20 जून तक होगी फेज-2 की परीक्षा

रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से एनटीपीसी यूजी पदों के लिए CBT-1 परीक्षा के दूसरे चरण का आयोजन 13 जून से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें। परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले से देख लें और जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें।

एडमिट कार्ड में इन जानकारियों की जरूर करें जांच

रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें। इसमें उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो, हस्ताक्षर, परीक्षा तिथि, परीक्षा की शिफ्ट, रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा केंद्र का पता सही होना चाहिए। अगर किसी भी जानकारी में कोई त्रुटि दिखाई देती है तो तुरंत अपने संबंधित आरआरबी क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करें।


आरआरबी एनटीपीसी यूजी 2026: एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें

उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले अपने संबंधित आरआरबी क्षेत्र की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां RRB NTPC Undergraduate (CEN 07/2025) Admit Card लिंक पर क्लिक करें। यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि या पासवर्ड दर्ज करें। कैप्चा कोड भरकर सबमिट बटन पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपका एडमिट कार्ड दिखाई देगा जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकाल लें।

परीक्षा केंद्र जरूर ले जाएं ये दस्तावेज

उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए केवल एडमिट कार्ड ही पर्याप्त नहीं होगा। उन्हें एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति भी साथ ले जानी होगी। मान्य पहचान पत्रों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। इसके अलावा सत्यापन प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखने की सलाह दी गई है।

UPSC NDA II, CDS II 2026: अभी नहीं भर पाए हैं एनडीए-सीडीएस का फॉर्म तो आपके पास है एक और मौका, यूपीएससी ने बढ़ाई आवेदन की आखिरी तारीख

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।