SBI PO Vacancy 2025: सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अगले पांच महीनों में अपने यहां प्रोबेशनरी ऑफिसर, स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 3500 पदों पर भर्ती करने की योजना बना रहा है। यह उन युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर है जो बैंकिंग क्षेत्र में कॅरियर बनाना चाहते हैं और देश के प्रमुख बैंक से जुड़ने की इच्छा रखते हैं। इतना ही नहीं बैंक अपने कार्यबल में महिलाओं के विकास के समान अवसर प्रदान करने के लिए भी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए प्रयासरत है। इसकी जानकारी एसबीआई के उप प्रबंध निदेशक (मानव संसाधन) एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) किशोर कुमार पोलुदासु ने एक साक्षात्कार में दी है। पोलुदासु ने पीटीआई को बताया कि बैंक ने जून में 505 प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) की भर्ती की है और इतनी ही संख्या में रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
ग्राहक सेवा बेहतर बनाना और लैंगिक समानता है मकसद
पोलुदासु ने कहा कि बैंक देशभर में अपने ऑपरेशंस और ग्रहक सेवा बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में एसबीआई अपने प्रबंधन में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत है। आने वाले समय में बैंक में होने वाली भर्ती विशेष रूप से प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) और विशेषज्ञ अधिकारियों (Specialist Officers) के पदों पर केंद्रित होगी। इसमें आईटी और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। पोलुदासु ने बताया कि बैंक अगले 5 वर्षों में महिला कर्मचारियों की संख्या को 30% तक बढ़ाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
प्रोबेशनरी ऑफिसर: बैंक ने जून में 505 पीओ की भर्ती की थी और 541 रिक्तियों के लिए विज्ञापन पहले ही जारी किया जा चुका है। इसके लिए आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं। पीओ की भर्ती 3 चरणों में होती है: प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साइकोमेट्रिक टेस्ट के बाद इंटरव्यू।
सर्किल आधारित अधिकारी: लगभग 3,000 सर्किल-आधारित अधिकारियों की भर्ती पर भी विचार किया जा रहा है, जिसे मौजूदा वित्तीय वर्ष के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद है।
लैंगिक समानता के लिए प्रयास
एसबीआई अपने कार्यबल में लैंगिक समानता के लिए भी प्रतिबद्ध है। बैंक अगले 5 साल में अपने यहां महिला कर्मचारियों की कुल संख्या बढ़ाकर 30% करने के लिए प्रयास कर रहा है। अभी बैंक के कुल कर्मचारियों में लगभग 27% महिलाएं हैं। लेकिन फ्रंटलाइन स्टाफ में यह लगभग 33% है। बैंक में महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए बैंक क्रेच भत्ता, फैमिली कनेक्ट प्रोग्राम और सीनियर रोल्स के लिए महिलाओं को सलाह देने और तैयार करने के लिए Empower Her जैसी पहल कर रहा है।
आगे की प्रक्रिया और अपडेट
इच्छुक उम्मीदवार बैंक में आने वाली भर्तियों से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना के लिए एसबीआई की वेबसाइट sbi.co.in नियमित रूप से देखते रहे। स्टेट बैंक में भर्ती से जुड़े सभी अपडेट्स यहीं जारी किए जाएंगे। भर्ती से जुड़ी किसी भी आधिकारिक घोषणा के लिए बैंक की तरफ से विज्ञापन भी दिया जाएगा।