SSB Head Constable recruitment 2026: सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भारत सरकार के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में टेक्निकल और सपोर्ट स्टाफ के 233 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 12वीं कक्षा पास कर ली है और जिनकी उम्र 18 से 27 साल के बीच है। इन पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर 21 मार्च से 20 अप्रैल के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एसएसबी ने अभी शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। अभ्यर्थियों को विस्तृत अधिसूचना के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 मार्च, 2026 से शुरू हागी। अभी परीक्षा की तारीख की घोषणा नहीं की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कई तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए पूरे देश के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को ऑपरेशनल जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर पोस्ट किया जाएगा।
इस भर्ती प्रक्रिया में कई तकनीकी पदों को शामिल किया गया है। सबसे ज्यादा हेड कांस्टेबल (कम्युनिकेशन) के 197 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पोस्ट के लिए उम्मीदवार का साइंस विषय के साथ 12वीं पास होना और इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में डिप्लोमा होना जरूरी है।
हेड कांस्टेबल (स्टीवर्ड) के लिए दो पद हैं। इसके लिए अप्लाई करने वाले उम्मीदवार का 12वीं पास होना और किचन मैनेजमेंट में डिप्लोमा होना जरूरी है।
वहीं, हेड कांस्टेबल (वेटरनरी) के लिए भी पांच पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए आवेदक का साइंस के साथ 12वीं पास होना और वेटरनरी साइंस में डिप्लोमा होना जरूरी है। ज्यादातर पदों के लिए उम्र सीमा 18 से 27 साल के बीच है।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
सामान्य, OBC और EWS श्रेणी के उम्मीदवार को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। जबकि SC, ST और PWD श्रेणी के उम्मीदवार नि:शुल्क आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क आवेदन प्रक्रिया के दौरान ही ऑनलाइन मोड से देना होगा।
चयन प्रक्रिया में कई चरण होंगे। इनमें फिजिकल टेस्ट, लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ने के लिए उम्मीदवार को सभी चरण पास करने होंगे।
उम्र सीमा का आकलन 20 अप्रैल, 2026 के हिसाब से किया जाएगा और इस मामले में सरकारी नियमों के हिसाब से छूट दी जाएगी।