SSC CHSL Tier 1 Exam: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने लंबे इंतजार के बाद SSC CHSL भर्ती 2025 टियर-1 एग्जाम की तारीख की घोषणा कर दी है। अब ये एग्जाम 12 नवंबर 2025 से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में शुरू होगी। पहले ये एग्जाम 8 से 18 सितंबर के बीच आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसका डेट बदल दिया गया है। इसके साथ ही आयोग ने उम्मीदवारों को अपनी पसंद की एग्जाम सिटी, शिफ्ट और तिथि चुनने की सुविधा भी दी है। उम्मीदवार 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर के बीच आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन करके अपनी सुविधा के अनुसार ऑप्शन चुन सकेंगे।
जब उम्मीदवार पोर्टल पर लॉग इन करेंगे, तो उन्हें आवेदन के समय चुने गए तीन शहरों में अलग-अलग तारीखों और शिफ्टों के खाली स्लॉट दिखेंगे। वे अपने पसंदीदा शहर में अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी तारीख और शिफ्ट चुन सकते हैं। लेकिन जो उम्मीदवार क्षेत्रीय भाषा में परीक्षा देना चाहते हैं, उन्हें तारीख और शिफ्ट के कम ऑप्शन मिलेंगे।
स्लॉट भरने के बाद क्या होगा?
अगर उम्मीदवारों द्वारा चुने गए तीनों शहरों में सभी स्लॉट भर जाते हैं, तो उन्हें उन वैकल्पिक शहरों की सूची दी जाएगी जहां सीटें खाली होंगी। आयोग ने बताया है कि वह उम्मीदवारों को इन्हीं शहरों में से किसी एक में एग्जाम स्लॉट देने की पूरी कोशिश करेगा, लेकिन तय तारीख और शिफ्ट की गारंटी नहीं दी जा सकेगी।
छात्रों को दिया गया ये सलाह
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर अपना एग्जाम सिटीर, तिथि और शिफ्ट नहीं चुनेंगे, उन्हें परीक्षा में शामिल न होने वाला माना जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी परीक्षा की तिथि, शहर और शिफ्ट सोच-समझकर चुनें, क्योंकि एक बार चयन हो जाने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
कितने नंबर हो होगा एग्जाम
SSC CHSL टियर-1 एग्जाम में बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे। सामान्य उम्मीदवारों को परीक्षा पूरी करने के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा, जबकि दिव्यांग (नेत्रहीन या मस्तिष्क पक्षाघात) उम्मीदवारों को 80 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में चार विषय शामिल होंगे, अंग्रेजी भाषा (25 प्रश्न, 25 अंक), सामान्य बुद्धि (25 प्रश्न, 25 अंक), क्वांटिटेटिव एपिड्युड (25 प्रश्न, 25 अंक) और जनरल इंटेलिजेंस (25 प्रश्न, 25 अंक)। कुल मिलाकर 100 प्रश्न होंगे, जो 100 अंकों के होंगे।