AI के दौर में अपनी नौकरी को लेकर जहां हर कोई चिंतित है। ऐसे में लिंक्डइन ने ऐसे विकल्प की सूची पेश की है, जहां नौकरियों की मांग एआई के दौर में भी नहीं घटेगी। खास बात यह है कि इन क्षेत्र में बिना टेक डिग्री के भी शानदार करियर बना सकते हैं। लिंक्डइन ने साल की शुरुआत में अपनी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली करियर रिपोर्ट जारी की थी। इसमें जहां एआई आधारित कई नौकरियां टॉप पर थीं, वहीं कई नॉन-टेक जॉब्स भी तेजी से बढ़ने की बात कही गई थी। ये कुछ ऐसे विकल्प हैं, जिनके अब भी जबरदस्त ग्रोथ देखी जा रही है।
लिंक्डइन की रिसर्च से एक बड़ा गैप पता चलता है, ज्यादातर पेशेवर इस साल नौकरी बदलने का प्लान बना रहे हैं। लेकिन अधिकांश लोग इस खोज के लिए तैयार महसूस नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि यह "जॉब्स ऑन द राइज" रैंकिंग मायने रखती है, यह दिखाती है कि असली मौके कहां बढ़ रहे हैं। इस रिपोर्ट में उभर कर आए ऐसे 5 विकल्पों के बारे में आइए जानें
स्ट्रेटेजिक एडवाइजर : स्ट्रेटेजिक एडवाइजर डेटा और इनसाइट्स का इस्तेमाल करके कारोबार या संस्थान को लंबे समय की योजनाओं के लिए गाइड करते हैं। ज्यादातर फाउंडर या सीओओ बैकग्राउंड से आते हैं, जिनका औसत अनुभव 7 साल का होता है। इस रोल के लिए दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई में सबसे त्यादा हायरिंग हो रही है। हालांकि इस फील्ड में अब भी 79% दबदबा पुरुषों का है।
मीडिया बायर : मीडिया बायर्स ब्रांड्स को उनके टारगेट ऑडियंस तक पहुंचाने में मदद करने के लिए अलग-अलग मंचों के विज्ञापन क्षेत्र पर मोलभाव करते हैं और खरीदते हैं। हैरानी की बात है कि इस रोल के लिए बहुत कम अनुभव चाहिए, औसतन सिर्फ 2 साल। दिल्ली-कोलकाता में इस रोल के लिए काफी रास्ते हैं। मार्केटिंग के क्षेत्र में यह तेजी से एंट्री का पॉइंट बन जाता है।
सेल्स स्पेशलिस्ट : ग्लोबल ट्रेड सेल्स में तेजी ला रहा है। एक्सपोर्ट ऑपरेशन और अंतरराष्ट्रीय कारोबार रणनीति पर फोकस करने वाले सेल्स विशेषज्ञों की बहुत मांग है, खासकर ई-लर्निंग, केमिकल्स और होलसेल ट्रेड में। इस रोल की मांग सबसे ज्यादा बेंगलुरु और मुंबई में देखने को मिल रही हैं।
लीगल स्पेशलिस्ट : लीगल करियर में इधर काफी उछाल देखने को मिल रहा है। कानून विशेषज्ञ कारोबार को कम्प्लायंस, कॉन्ट्रैक्ट और रेगुलेटरी रिस्क से निपटने में मदद करते हैं। यह लिस्ट में एकमात्र ऐसा रोल है जिसमें महिला-पुरुष अनुपात 50-50 है। दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लीगल और आईटी सर्विस सेक्टर में अच्छी हायरिंग हो रही है।
AI कनेक्शन : "नॉन-AI" जॉब्स भी AI से बन रही हैं
हालांकि ये रोल्स पूरी तरह से एआई आधारिकत नहीं हैं। लेकिन लिंक्डइन का कहना है कि बीएफएसआई, हेल्थकेयर और आईटी जैसे क्षेत्र खास तौर पर एआई-प्रभावित क्षेत्रों में सलाहकार और रणनीतिकार की भर्ती कर रहे हैं। इसका मतलब है कि एआई नॉन-टेक्निकल करियर में भी डिमांड बढ़ा रहा है।
सिर्फ टेक में ही नहीं, हर जगह है मौका
2026 की सबसे तेजी से बढ़ने वाली जॉब्स लगभग हर इंडस्ट्री में हैं। करियर ग्रोथ सिर्फ एआई के पीछे भागने के बारे में नहीं है, यह उस जगह को पहचानने के बारे में है जहां डिमांड चुपचाप बढ़ रही है।