UKMSSB Vacancy 2026: स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में काम करने की इच्छा रखने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग में बड़ी भर्ती निकली है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB)ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता यानी एएनएम (ANM) के 355 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इच्छुक और योग्य महिला उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ukmssb.org पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है, जो 04 मई 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। इस भर्ती से जुड़ी सभी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए 335 एएनएम पदों को उत्तराखंड राज्य के 13 जिलों में विभाजित किया गया है। अल्मोड़ा, चमोली, नैनीताल और हरिद्वार जैसे जिलों में खाली पदों की संख्या अधिक है। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को सभी 13 जिलों की वरीयता (Preference) देना अनिवार्य है।
शैक्षणिक योग्यता : योग्य उम्मीदवारों का भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से बुनियादी स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करना अनिवार्य है। इसमें 6 महीने का प्रसव (Midwifery) प्रशिक्षण शामिल होना अनिवार्य है। साथ ही, उनका उत्तराखंड नर्सेस एंड मिडवाइव्स काउंसिल, देहरादून में वैध और नवीनीकृत पंजीकरण होना अनिवार्य है।
अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और ओबीसी (OBC) श्रेणी के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की छूट दी जाएगी।
अभ्यर्थियों के एएनएम प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (ANM Course) के कुल अंकों के आधार पर जिला-वार मेरिट तैयार की जाएगी। इन पदों पर चयन में बैच वार वरीयता को प्राथमिकता दी जाएगी। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को मई-जून 2026 के दौरान डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन शुल्क : उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा। अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को 300 रुपए का आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं ओबीसी कैंडिडेट को 300 रुपए, एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थी को 150 रुपए बतौर आवेदन शुल्क देना होगा।