UPPSC PCS Mains 2026: यूपीपीएससी की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, मुख्य परीक्षा की कॉपियों की जांच होगी ऑनलाइन

UPPSC PCS Mains 2026: यूपी में पीसीएस मुख्य परीक्षा की कॉपियों की जांच ऑनलाइन कराई जाएगी। लोक सेवा आयोग ने पीसीएस भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। आयोग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से मूल्यांकन अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होगा। आइए जानें

अपडेटेड Aug 05, 2026 पर 12:06 PM
यूपीपीएससी पीसीएस मुख्य परीक्षा की कॉपियां ऑनलाइन जांची जाएगी।

UPPSC PCS Mains 2026: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट है। राज्य की प्रशासनिक सेवा भर्ती की मुख्य परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के साथ ही पूरी तरह से बदलने की तैयारी की जा रही है। यूपीपीएससी का कहना है कि इस नई व्यवस्था से मूल्यांकन अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनेगा।

यूपीपीएससी द्वारा आयोजित पीसीएस मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पारंपरिक तरीके से किया जाता रहा है। लेकिन अब आयोग इसे पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रहा है। इसके तहत मुख्य परीक्षा की कॉपियां ऑनलाइन जांची जाएगी। किसी भी परीक्षक को पूरी उत्तरपुस्तिका नहीं दी जाएगी, बल्कि हर विशेषज्ञ केवल एक निश्चित प्रश्न का मूल्यांकन करेगा। उदाहरण के तौर पर यदि कोई विशेषज्ञ किसी विषय के पहले प्रश्न का मूल्यांकन करेगा तो वह उसी विषय के सभी अभ्यर्थियों के पहले प्रश्न की जांच करेगा। इससे सभी अभ्यर्थियों का मूल्यांकन एक समान मानकों पर होगा और अलग-अलग परीक्षकों की वजह से अंक देने में होने वाला अंतर कम होगा।

ऑनलाइन चेक होगी कॉपी

पीसीएस मुख्य परीक्षा में ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली अपनाई जाएगी। इसमें उत्तरपुस्तिकाओं की डिजिटल कॉपी विशेषज्ञों को पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही संबंधित प्रश्न का संभावित उत्तर (मॉडल आंसर) भी दिया जाएगा, ताकि सभी परीक्षक एक ही मानक के आधार पर मूल्यांकन करें। आयोग का मानना है कि इससे उत्तरपुस्तिकाओं की जांच अधिक सटीक होगी और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष मूल्यांकन का लाभ मिलेगा।

जल्द जारी होगा आरओ-एआरओ भर्ती का विज्ञापन

यूपीपीएससी की समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) भर्ती 2026 का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। आयोग अगस्त के अंतिम सप्ताह में इसका विज्ञापन जारी करने की तैयारी कर रहा है। इस बार एआरओ के पदों की संख्या पहले की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। हाल ही में करीब 350 सहायक समीक्षा अधिकारियों को पदोन्नति देकर समीक्षा अधिकारी बनाया गया है जिससे बड़ी संख्या में एआरओ के पद खाली हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों से नए रिक्त पदों का प्रस्ताव भी आयोग को मिलने की उम्मीद है। ऐसे में लगभग 500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना जताई जा रही है।


सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया बदली

यूपीपीएससी ने अपनी सभी सीधी भर्तियों के लिए ‘लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती (स्क्रीनिंग) 2025 नियमावली’ लागू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब चयन प्रक्रिया कुल 500 अंकों की होगी। इसमें लिखित परीक्षा 450 अंकों की होगी, जिसमें प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का रहेगा। इसके बाद 50 अंकों का इंटरव्यू होगा। अंतिम मेरिट लिस्ट में लिखित परीक्षा के अंकों को 75% और इंटरव्यू के अंकों को 25% वेटेज दिया जाएगा। आयोग का कहना है कि इससे केवल लिखित परीक्षा ही नहीं बल्कि अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व और संवाद क्षमता का भी संतुलित मूल्यांकन हो सकेगा।

NHM Recruitment 2026: असम में स्टाफ नर्स के 2204 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, जानें कब तक कर सकते हैं अप्लाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।