UPSSSC Lower PCS Vacancy 2026: यूपी में लोअर पीसीएस के 2000 से ज्‍यादा पदों पर भर्ती का मौका, जानें आवेदन करने की लास्‍ट डेट

UPSSSC Lower PCS Vacancy 2026: यूपी में अधीनस्‍थ सेवा चयन आयोग ने लोअर पीसीएस के 2000 से ज्‍यादा पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इच्‍छुक और योग्‍य उम्‍मीदवार आधि‍कार‍िक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आइए जानें आवेदन की लास्‍ट डेट क्‍या है

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 7:30 AM
उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

UPSSSC Lower PCS Vacancy 2026: यूपी में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट है। उत्‍तर प्रदेश अधीनस्‍थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 'सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा' (Lower PCS) सामान्य चयन मुख्य परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए 2,285 पदों पर नियुक्‍ति की जाएगी। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन से जुड़ी जरूरी तारीखें

यूपीएसएसएससी लोअर पीसीएस 2026 भर्ती में शामिल होने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की शुरुआत 29 मई 2026 से हो चुकी है। आवेदन भरने और फीस भुगतान की आखिरी तारीख 28 जून 2026 निर्धारित की गई है। आयोग उम्‍मीदवारों को फॉर्म भरते समय होने वाली मानवीय भूल या गलती करे सुधारने के लिए 25 जून 2026 तक का समय देगा।

पदों का विवरण

लोअर पीसीएस के कुल 2,285 पदों में अनारक्षित वर्ग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए सबसे ज्‍यादा 1030 पद तय किए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए कुल 563 पदों पर भर्ती की जाएगी। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के आवेदकों के लिए कुल 421 सीटें निर्धारित की गई हैं। आर्थिक

रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए कुल 222 पद आवंटित हैं। अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कुल 49 पदों पर भर्ती की जाएगी।


योग्‍यता नियम

शैक्षणिक योग्यता : इच्‍छुक उम्‍मीदवार के पास देश के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। कुछ विशिष्ट तकनीकी पदों के लिए विशेष शैक्षणिक योग्यता भी जरूरी हो सकती है। ध्‍यान रखें उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए पीईटी-2025 के स्कोर के आधार पर ही शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

आयु सीमा : उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए (1 जुलाई 2026 के आधार पर), जिसमें उत्तर प्रदेश के आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्‍क मात्र 25 रुपये

इस भर्ती के लिए सभी श्रेणी के उम्मीदवारों को सिर्फ ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करना होगा। सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए मात्र 25 रुपये का ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क निर्धारित किया गया है।

समय से करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय में वेबसाइट पर आने वाले भारी ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर समय से पहले अपना आवेदन और शुल्क जमा कर दें।

DSSSB Recruitment 2026: दिल्‍ली में 1979 पदों पर सरकारी नौकरी के लिए 16 जून से शुरू होंगे आवेदन, लाखों में मिलेगी सैलरी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।