UPTET 2026: यूपी में शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, चार साल बाद जुलाई में परीक्षा के लिए 27 मार्च से भरें फॉर्म

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती के लिए नोटिफिकेशन आज जारी किया गया है। राज्य में चार साल बाद जुलाई में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इसके लिए 27 मार्च से 26 अप्रैल के बीच आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 10:01 PM
Story continues below Advertisement
राज्य में चार साल के लंबे इंतजार के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है।

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती परीक्षा की घोषणा के लिए इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने आज 20 मार्च को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। राज्य में चार साल के लंबे इंतजार के बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके साथ ही आयोग ने सभी जरूरी तारीखें और प्रावधान भी बता दिए हैं, ताकि उम्मीदवारों को आवेदन करते समय कोई दिक्कत न हो। आयोग पहली बार राज्य में यूपीटीईटी की परीक्षा का आयोजन करेगा।

यूपीईएसएससी द्वारा जारी इस नोटिफिकेशन के मुताबिक प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) एवं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के शिक्षक की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसका विस्तृत विज्ञापन एवं दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देखा जा सकता है।

27 मार्च से 26 अप्रैल के बीच भरें फॉर्म

यूपीटीईटी का विस्तृत विज्ञापन, दिशा-निर्देश पुस्तिका सहित आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित किए गए हैं। आनलाइन पंजीकरण/आवेदन/शुल्क जमा करने की शुरुआत 27 मार्च से होगी। जबकि, इसकी अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है। यूपीटीईटी 2026 परीक्षा का कार्यक्रम यूपीईएसएससी के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने जारी किया है। यह 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की जाएगी। पहले इस परीक्षा का आयोजन 29 और 30 जनवरी को किया जाना था, लेकिन यह टल गई थी। परीक्षा के लिए 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।

ऑनलाइन आवेदन के लिए ओटीआर अनिवार्य

शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए ओटीआर अनिवार्य होगा। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार ओटीआर पूर्ण करने के बाद ही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी भरकर ओटीआर नंबर प्राप्त करना होगा।


1 मई तक कर सकेंगे आवेदन में सुधार

आवेदन करने के बाद उसमें संशोधन एक मई तक किए जा सकेंगे, लेकिन इसके लिए इसी तिथि तक समाधान शुल्क भी जमा करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न होने पाए।

दोनों पेपर के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क

आवेदन के समय अभ्यर्थियों को यह स्पष्ट रूप से चुनना होगा कि वह पेपर-1 (प्राथमिक) या पेपर-2 (उच्च प्राथमिक) अथवा दोनों के लिए आवेदन करना चाहते हैं। आवेदन शुल्क दोनों पेपर के लिए अलग-अलग देना होगा। सामान्य/ईडब्यूएस/ओबीसी के लिए 1000 रुपया, एससी/एसटी के लिए 500 रुपया तथा दिव्यांगों के लिए 300 रुपया शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि अभ्यर्थी दोनों पेपर चुनते हैं तो कुल शुल्क एक साथ जमा करना होगा। प्रत्येक पेपर के लिए अलग-अलग आवेदन संख्या उत्पन्न की जाएगी। वेबसाइट पर आवेदन करने का तरीका चरणवार समझाया गया है।

कार्यरत सरकारी शिक्षक भी कर सकेंगे आवेदन

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने टीईटी के लिए जारी किए गए विज्ञापन में कार्यरत सरकारी शिक्षकों को भी आवेदन करने का अवसर दिया है। इसमें सरकारी शिक्षक होने पर विकल्प ‘हां’ चुनना होगा। यह चयन करने पर उन्हें अपने आवश्यक विवरण- शिक्षक का प्रकार, संगठन/विद्यालय का नाम, कार्यभार ग्रहण करने की तिथि, सेवानिवृत्ति तिथि तथा मानव संपदा कोड अनिवार्य रूप से भरने/अंकित करने होंगे।

KVS Contractual Recruitment 2026: केंद्रीय विद्यालय में भर्ती के लिए संविदा साथी पोर्टल से करें आवेदन, जानें क्या है इसका तरीका?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।