दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। दिन हो या रात, पंखे की हवा भी राहत देने की बजाय गर्म महसूस हो रही है, ऐसे में AC के बिना आराम करना लगभग नामुमकिन हो गया है। इसी बीच कई लोग कमरे को जल्दी ठंडा करने के लिए AC के साथ पंखा भी एक साथ चला लेते हैं। ऐसा करने से कमरा तेजी से ठंडा तो हो जाता है, लेकिन लोगों के मन में ये सवाल भी उठता है कि क्या इससे बिजली का बिल बढ़ जाता है या ये तरीका सही है।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच ये चर्चा आम हो गई है कि AC और पंखे का कॉम्बिनेशन फायदेमंद है या नुकसानदायक। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इसके पीछे असली सच्चाई क्या है और ये आपके बिजली बिल को कैसे प्रभावित करता है।
AC के साथ पंखा चलाने से क्या होता है?
जब AC और पंखा एक साथ चलते हैं, तो कमरे की ठंडी हवा तेजी से पूरे कमरे में फैल जाती है। इससे कमरा जल्दी ठंडा महसूस होने लगता है। ऐसे में AC को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और तापमान जल्दी संतुलित हो जाता है।
क्या इससे बिजली बिल बढ़ता है?
कई लोगों को लगता है कि पंखा और AC साथ चलाने से बिजली ज्यादा खर्च होती है, लेकिन हकीकत इससे अलग है। अगर आप AC को 24 डिग्री पर चलाकर साथ में पंखा इस्तेमाल करते हैं, तो बिजली की बचत हो सकती है। माना जाता है कि AC का तापमान हर 1 डिग्री बढ़ाने पर लगभग 6% तक बिजली बचाई जा सकती है। इस तरह महीने के बिजली बिल में 15 से 20% तक फर्क पड़ सकता है।
पंखा हवा को ठंडा नहीं करता
ये समझना जरूरी है कि पंखा खुद हवा को ठंडा नहीं करता। उसका काम सिर्फ हवा को तेजी से फैलाना होता है। इसी वजह से कमरे में ज्यादा ठंडक महसूस होती है और AC की कूलिंग बेहतर लगती है।
AC चलाते समय पंखा बंद करना जरूरी नहीं
कुछ लोग सोचते हैं कि AC के साथ पंखा चलाना गलत है, लेकिन ऐसा नहीं है। पंखा कमरे की हवा को बराबर फैलाने में मदद करता है, जिससे हर कोने में ठंडक पहुंचती है।
बिना सर्विस के AC चलाना पड़ सकता है भारी
अगर लंबे समय तक AC की सर्विस नहीं कराई जाए, तो फिल्टर और कॉइल्स में धूल जम जाती है। इससे कूलिंग कम हो जाती है और बिजली की खपत बढ़ने लगती है। कई बार गैस लीक और कम्प्रेसर खराब होने जैसी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं।
समय-समय पर सर्विस क्यों जरूरी है?
नियमित सर्विस कराने से AC बेहतर कूलिंग देता है, बिजली कम खर्च करता है और मशीन की उम्र भी बढ़ती है। साथ ही साफ फिल्टर से हवा भी ज्यादा साफ रहती है, जो सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है।