बाबूगोशा और नाशपाती दिखने में काफी मिलते-जुलते हैं, इसलिए लोग इन्हें एक ही फल समझ लेते हैं। हालांकि ये एक ही परिवार से जुड़े होते हैं, फिर भी इनके स्वाद, बनावट और खाने के अनुभव में साफ फर्क होता है। आइए जानते हैं कि इन दोनों फलों को अलग कैसे पहचाना जा सकता है
जैसे ही मौसम बदलता है, बाजार ताजे और रसीले फलों से भर जाता है। इन्हीं में बाबूगोशा और नाशपाती ऐसे फल हैं, जो देखने में लगभग एक जैसे लगते हैं और अक्सर लोगों को भ्रमित कर देते हैं। आकार, रंग और बाहरी बनावट इतनी मिलती-जुलती होती है कि कई बार इन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि लोग खरीदते समय कंफ्यूज हो जाते हैं कि आखिर कौन-सा फल लें। हालांकि, इन दोनों फलों की असली पहचान उनके अंदर छिपी होती है। स्वाद, नरमाहट, मिठास और पाचन से जुड़े गुणों में दोनों के बीच साफ अंतर देखने को मिलता है।
जहां एक फल ज्यादा मीठा और मुलायम होता है, वहीं दूसरा हल्का कुरकुरा और फाइबर से भरपूर होता है। अगर आप भी अक्सर इन दोनों फलों के बीच फर्क नहीं कर पाते, तो उनके गुणों को समझना आपके लिए बेहद काम का साबित हो सकता है।
बाबूगोशा अंदर से बेहद नरम और मक्खन जैसा गूदेदार होता है, जो मुंह में जाते ही घुल जाता है। वहीं नाशपाती थोड़ी सख्त और कुरकुरी होती है, जिसे खाने पर हल्की ‘कड़क’ आवाज भी सुनाई देती है।
अगर बात स्वाद की करें, तो बाबूगोशा ज्यादा मीठा होता है और इसमें खट्टापन लगभग नहीं के बराबर होता है। दूसरी ओर, नाशपाती में मिठास थोड़ी कम होती है और हल्का सा खट्टापन भी महसूस हो सकता है।
पाचन में किसका पलड़ा भारी?
बाबूगोशा आसानी से पच जाता है क्योंकि यह बहुत जल्दी घुलने वाला फल है। वहीं नाशपाती में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, जो पाचन के लिए फायदेमंद तो है, लेकिन इसे चबाने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है।
अगर आप फल को हल्का दबाते हैं और वह नरम महसूस होता है, तो समझिए वह बाबूगोशा है। लेकिन अगर वह सख्त और ठोस लगे, तो वह नाशपाती है।
बाबूगोशा का छिलका पतला और मुलायम होता है, जिसे बिना छीले भी खाया जा सकता है। जबकि नाशपाती का छिलका थोड़ा सख्त होता है, इसलिए लोग अक्सर इसे छीलकर खाते हैं। साथ ही, बाबूगोशा जल्दी खराब हो जाता है, जबकि नाशपाती को फ्रिज में लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।