सर्दियों के मौसम में रजाई और कंबल का इस्तेमाल हर घर में बढ़ जाता है। ठंड से बचने के लिए हम इन्हें बार-बार इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अक्सर इनकी सफाई पर ध्यान नहीं देते। लंबे समय तक बिना साफ किए रखे रजाई और कंबल में धूल, माइट्स, कीड़े और नमी जमा हो जाती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इससे स्किन पर खुजली, छोटे दाने या चकत्ते उभर सकते हैं, वहीं एलर्जी वाले लोगों को खांसी-छींक और सांस संबंधी परेशानियां भी हो सकती हैं। इसके अलावा, लंबे समय तक इस्तेमाल न किए जाने पर रजाई और कंबल में बदबू भी आने लगती है और ये पुराने दिखने लगते हैं।
इसलिए जरूरी है कि सर्दियों से पहले और समय-समय पर इनकी सफाई की जाए। सही तरीके से सफाई करने से न केवल ये ताजगी और खुशबू बनाए रखते हैं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होते हैं।
रजाई और कंबल को सबसे पहले कपबोर्ड से निकालें और 2–3 दिन धूप में रखें। इससे बदबू, कीड़े और नमी दूर हो जाती है। धूप में रखने से रुई हल्की हो जाती है और इसे साफ करना आसान हो जाता है।
बेकिंग सोडा से बदबू हटाएं
सोडियम बाइकार्बोनेट यानी बेकिंग सोडा का इस्तेमाल रजाई और कंबल की सफाई के लिए शानदार है। रजाई और कंबल पर सीधे बेकिंग सोडा छिड़कें और 30–40 मिनट छोड़ दें। फिर वैक्यूम क्लीनर या साफ कपड़े से सोडा हटा दें। यह बदबू और हल्के दाग हटाने में मदद करता है।
सिरका एक प्राकृतिक क्लीनिंग एजेंट है। बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाकर स्प्रे बोतल में डालें और कंबल पर हल्का छिड़कें। कुछ देर बाद साफ कपड़े से पोछें और धूप में सुखाएं। ये बैक्टीरिया और बदबू दोनों दूर करता है।
मार्केट या घर पर तैयार किया गया फैब्रिक फ्रेशनर रजाई-कंबल में ताजगी लाता है। पानी और एसेंशियल ऑयल मिलाकर स्प्रे बनाएं। चाहें तो नींबू की खुशबू भी मिला सकते हैं। इससे नमी, कीड़े-मकोड़े और बदबू दूर रहती है।