दिवाली का त्योहार आते ही हर घर में सफाई और सजावट की धूम मच जाती है। लोग अपने घर की दीवारों को नया रंग देने में जुट जाते हैं ताकि घर चमकता-दमकता नजर आए। लेकिन जहां नई पेंट की खुशबू सुकून देती है, वहीं फर्श पर पड़े पेंट के दाग सारी खुशी बिगाड़ देते हैं। ये दाग इतने जिद्दी होते हैं कि उन्हें छुड़ाने में घंटों मेहनत करनी पड़ती है रगड़ो, घिसो, फिर भी निशान जैसे के तैसे। ऐसे में लगता है मानो दिवाली की चमक इन दागों में कहीं खो गई हो। लेकिन चिंता की बात नहीं है,
क्योंकि कुछ आसान घरेलू नुस्खे ऐसे हैं जो इस मुश्किल काम को पलक झपकते हल कर देंगे। बिना ज्यादा मेहनत और बिना रगड़ाई के, आप फर्श से पेंट के दाग को ऐसे मिटा सकते हैं जैसे वो कभी थे ही नहीं। बस सही तरीका अपनाइए और आपका फर्श भी दीवारों की तरह चमक उठेगा।
अगर फर्श पर ऑयल-बेस्ड पेंट के निशान रह गए हैं, तो साबुन या डिटर्जेंट से इन्हें साफ करना लगभग असंभव है। इसके लिए सबसे प्रभावी तरीका है तारपीन का तेल।
एक मुलायम कपड़ा लें, उस पर थोड़ा तारपीन तेल डालें और जहां दाग हैं वहां हल्के हाथों से रगड़ें। अगर दाग ज्यादा गहरे हैं तो थोड़ा तेल सीधे फर्श पर डालकर सॉफ्ट स्क्रबर से धीरे-धीरे साफ करें। आप चाहें तो सॉल्वेंट-बेस्ड क्लीनर या पेंट थिनर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये दोनों पेंट को जल्दी घोल देते हैं और निशान पूरी तरह हट जाते हैं।
अगर घर में पानी वाला पेंट (वॉटर-बेस्ड पेंट) किया जा रहा है, तो जैसे ही फर्श पर कुछ बूंदें गिरें, तुरंत उन्हें साफ कर दें। गीले या सूखे कपड़े से हल्के हाथों से रगड़कर पेंट मिटाएं और बाद में साबुन या डिटर्जेंट घोल से फर्श पोंछ लें। इससे न सिर्फ निशान तुरंत छूट जाते हैं, बल्कि फर्श पर किसी भी तरह का स्थायी दाग या रंग का धब्बा भी नहीं पड़ता।
अगर पेंट सूख चुका है, तो उसे साफ करना थोड़ा कठिन होता है, लेकिन असंभव नहीं।
इसके लिए बाजार में मिलने वाली पतली मेटल स्क्रैपर पत्ती या चाकू जैसी खुरचने वाली चीज का इस्तेमाल करें। ध्यान रहे कि ज्यादा जोर से रगड़ें नहीं, वरना फर्श पर स्क्रैच आ सकते हैं।
अगर आपके पास स्क्रैपर नहीं है, तो पेंट वाले प्रोफेशनल से संपर्क करें, उनके पास इस काम के लिए खास मेटल ब्लेड टूल्स होते हैं जो निशानों को बिना नुकसान पहुंचाए हटा देते हैं।
अगर आप रासायनिक पदार्थों से बचना चाहते हैं, तो एक घरेलू नुस्खा अपनाएं आधा कप सिरका और दो चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें।
इसे पेंट के दाग पर लगाकर 10 मिनट छोड़ दें, फिर स्पंज से पोंछ दें।
ये मिश्रण पेंट को नरम कर देता है, जिससे दाग आसानी से हट जाते हैं और फर्श की चमक भी बनी रहती है।