अगर होम मेकर हों या ऑफिस जाती हों, किचन में कुछ ना कुछ वक्त तो आपको जरूर देना पड़ता होगा। ऐसे में अगर आप अपना वक्त किचन में कम बिताना चाहती हैं तो यहां दिए टिप्स को आजमा सकती हैं। इससे ना सिर्फ खाना बनाना आसान हो जाएगा बल्कि खाने-पीने की चीजें भी लंबे समय तक फ्रेश रहेंगी। तो आइए जानते हैं रसोई में इस्तेमाल होने वाले कुछ छोटे-छोटे लेकिन बड़े काम के टिप्स।
सबसे पहले बात करते हैं चपाती के आटे की। अक्सर हम आटा किसी भी बर्तन में गूंथ लेते हैं। लेकिन अगर आप उस बर्तन का इस्तेमाल करें जिसमें पहले दूध उबाला गया हो तो रोटियां ज्यादा नरम बनती हैं। इसका कारण यह है कि दूध की हल्की सी परत बर्तन में रह जाती है, जो आटे में मिलकर उसे मुलायम बना देती है। दूध के बर्तन में आटा गूंथने का दूसरा फायदा ये है कि इससे दूध का बर्तन आसानी से साफ हो जाता है। यह टिप्स तब और कारगर हो जाती है जब आपको नरम और टेस्टी रोटी बनानी हो।
नींबू का रस निकालने का टिप्स
नींबू का रस निकालने के लिए भी एक आसान तरीका है। कई बार हमें किसी रेसिपी में नींबू का रस सिर्फ कुछ ही बूंदें चाहिए होती हैं। ऐसे में पूरे नींबू को काटने की बजाय, उसमें एक मोटी सुई या टूथपिक से छेद करें और जितना रस चाहिए उतना निकाल लें। इससे बाकी नींबू खराब नहीं होगा और आप उसे बाद में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह तरीका नींबू को लंबे समय तक ताजा रखने में मदद करता है, खासकर गर्मियों में जब नींबू जल्दी सूख जाता है।
मिक्सर में कम चीजें कैसे पीसें
मिक्सर में कम मात्रा में सामग्री पीसना कभी-कभी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि सामग्री ब्लेड तक नहीं पहुंचती और अच्छे से नहीं पिसती। ऐसे में, मिक्सर का ढक्कन अच्छी तरह लगाकर उसे हल्का-सा हिलाएं, जिससे सामग्री ब्लेड के पास आ जाएगी और समान रूप से पिसेगी। यह ट्रिक खासतौर पर मसाले, सूखे मेवे या छोटी मात्रा में चटनी पीसने के लिए बहुत फायदेमंद है।
कैसे फ्रेश रखें Egg White
अंडे का सफेद भाग (Egg White) कई बार केक या मिठाई बनाने के लिए फेंटना पड़ता है। अगर आप इसमें थोड़ा सा नमक और कुछ बूंदें नींबू का रस मिला दें, तो यह मिश्रण लंबे समय तक ताजा बना रहता है और जल्दी खराब नहीं होता। नमक और नींबू का रस, दोनों ही अंडे के सफेद भाग को स्थिरता देने और बैक्टीरिया से बचाने में मदद करते हैं। इससे आप इसे कुछ समय के लिए स्टोर भी कर सकते हैं।
फटाफट अरबी-शकरकंद पकाने का टिप्स
अरबी या शकरकंद जैसी सब्जियां पकाने में अक्सर ज्यादा समय लग जाता है। अगर आप इन्हें जल्दी पकाना चाहते हैं, तो सबसे पहले खाली बर्तन में थोड़ा सा नमक डालकर उसे भून लें। फिर उसमें पानी डालें और उबाल आने दें। इसके बाद अरबी या शकरकंद डालें। इस तरीके से नमक की गर्मी और भूनने की प्रक्रिया सब्जी को जल्दी पकने में मदद करती है। यह ट्रिक खासतौर पर उन दिनों में काम आती है जब जल्दी खाना बनाना हो या समय कम हो।
इन सभी घरेलू उपायों से आपका वक्त और मेहनत बचता है। साथ ही खाने की गुणवत्ता और स्वाद भी बेहतर हो जाता है। ये टिप्स बिलकुल आसान हैं जिसे आप रोजमर्रा में इस्तेमाल कर सकती हैं। साथ ही इसमें कोई खर्चा ही नहीं है।