भारत में लहसुन सिर्फ एक मसाला नहीं, बल्कि हर रसोई का जरूरी हिस्सा है। पर क्या आप जानते हैं कि जिस लहसुन से आप अपने खाने का स्वाद बढ़ा रहे हैं, वही आपकी सेहत के लिए खतरा बन सकता है? जी हां, बाजार में मिलने वाला हर लहसुन असली नहीं होता। बाहर से चमकदार और ताजा दिखने वाला ये लहसुन अंदर से नकली हो सकता है। खास बात ये है कि इसका रंग, आकार और महक देखकर भी कई बार लोग धोखा खा जाते हैं। असली और नकली लहसुन में फर्क समझना जरूरी है, क्योंकि नकली लहसुन में औषधीय गुण नहीं होते, बल्कि ये शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
इसकी पहचान मुश्किल जरूर है, लेकिन कुछ आसान तरीके जानकर आप इस मिलावट से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे करें असली और नकली लहसुन की पहचान।
हाल के वर्षों में नकली लहसुन की सप्लाई तेजी से बढ़ी है। ये असली जैसा ही दिखता है, जिससे लोग आसानी से धोखा खा जाते हैं। मंडी विशेषज्ञों के अनुसार, नकली लहसुन औषधीय गुणों से रहित होता है और लंबे समय तक सेवन से पेट, लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है।
असली लहसुन का रंग हल्का पीला या ऑफ-व्हाइट होता है और उसकी बाहरी परत थोड़ी खुरदरी होती है। वहीं नकली लहसुन अत्यधिक सफेद और चिकना दिखता है। उसे छूने पर ये प्लास्टिक जैसा महसूस होता है, जो इसके कृत्रिम होने का साफ संकेत है।
वजन और आकार भी देते हैं संकेत
खरीदते समय लहसुन का वजन और आकार ध्यान से देखें। असली लहसुन थोड़ा भारी होता है और उसकी कलियां मीडियम आकार की होती हैं। नकली लहसुन की कलियां जरूरत से ज्यादा बड़ी और एक जैसी होती हैं, जबकि वजन बेहद हल्का महसूस होता है।
लहसुन की असली पहचान उसकी तीखी और तेज खुशबू होती है। अगर लहसुन से कोई गंध नहीं आ रही या बहुत हल्की महक है, तो समझिए कि वो नकली है। असली लहसुन की खुशबू इतनी तेज होती है कि दूर से ही महसूस हो जाती है।
असली लहसुन की जड़ों में पतले और नाजुक रेशे बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। जबकि नकली लहसुन की जड़ें मोटी और कम होती हैं। ये फर्क देखकर कोई भी व्यक्ति असली और नकली लहसुन को आसानी से पहचान सकता है।
चाइनीज लहसुन से रहें सावधान
बाजार में मिलने वाला नकली लहसुन ज्यादातर चाइनीज गार्लिक के नाम से आता है। इसे तैयार करने में केमिकल और पेस्टिसाइड्स का उपयोग किया जाता है, जिससे ये दिखने में तो आकर्षक लगता है, लेकिन शरीर के लिए जहरीला साबित हो सकता है।