अगर आप भी किचन गार्डन के शौकीन हैं और हमेशा ताजी हरी पत्तियों का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं, तो अब रोज़ाना मार्केट दौड़ने की जरूरत नहीं। अपने घर पर ही गमले में धनिया उगाना आसान, किफायती और मजेदार तरीका है। लोकल 18 से बात करते हुए कृषि अधिकारी मनोहर सिंह देवके बताते हैं कि थोड़ी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर आप केवल 15 दिन में ही ताजा कोतमीर का आनंद ले सकते हैं।
चाहे आप फ्लैट की बालकनी में हों या छत पर थोड़ी जगह हो, सही गमला, मिट्टी और पर्याप्त धूप मिलने से धनिया जल्दी अंकुरित होकर हरी-भरी पत्तियाँ देने लगता है। इससे न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ता है, बल्कि रोजाना ताजी पत्तियां हाथों में होने का सुख भी मिलता है। थोड़े मेहनत और नियमित पानी-पोषण से आपका किचन गार्डन हर मौसम में हरा-भरा रहेगा।
सही गमला और मिट्टी का चयन जरूरी
सबसे पहले चौड़ा और उथला गमला चुनें। इसमें अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी डालें। धनिया के पौधे और बीज बीच-बीच में लगाएँ। रोजाना पानी देना न भूलें और इस गमले को 6 से 8 घंटे तक धूप वाले स्थान पर रखें। धूप मिलने से नमी और तापमान का संतुलन बना रहता है, जिससे पौधा जल्दी अंकुरित होता है।
घर की बालकनी या छत पर रखें गमला
मनोहर सिंह देवके बताते हैं कि पौधे को सीधे धूप मिलना जरूरी है। बालकनी, छत या घर के ऐसे स्थान पर गमला रखें जहां सुबह और दोपहर की रोशनी पर्याप्त मिले। इससे धनिया जल्दी बढ़ेगा और आप ताजी पत्तियां रोजाना तोड़कर सब्जियों या चटनियों में इस्तेमाल कर सकेंगे।
ताजा धनिया से बनाएं स्वादिष्ट व्यंजन
घर पर उगा ताजा धनिया सिर्फ सब्जियों में नहीं, बल्कि चटनियों, सलाद और सूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बीज और छोटे पौधे भी आसानी से बाजार में उपलब्ध हैं और बेहद किफायती हैं।
पैसों की बचत और हर दिन ताजी हरी पत्तियां
गमले में लगाए गए धनिया पौधे लगभग 2 महीने तक लगातार हरी पत्तियां देंगे। इससे रोजाना ताजा धनिया इस्तेमाल करना संभव है और पैसों की भी बचत होती है। कम खर्च में आप अपने घर पर ही हरी और ताजी कोतमीर उगा सकते हैं।