बाल हमारे शरीर का बेहद अहम हिस्सा हैं, लेकिन आज की भगदौड़ भरी जिंदगी में सबसे ज्यादा नजरअंदाज यही किए जाते हैं। प्रदूषण, कम न्यूट्रिशन, अधूरी नींद और हर समय का तनाव सब मिलकर बालों की बैंड बजा देते हैं। नतीजा होता है बालों का असमय सफेद होना, झड़ना, रूखे और बेजान होना। अब सवाल उठता है कि ऊपर बताई चीजों में सुधार के अलावा बालों की सेहत सुधारने के लिए हम क्या कर सकते हैं? ये बहुत मुश्किल नहीं है।
हमारे बाल भी प्रोटीन से बने होते हैं। इसका सीधा सा अर्थ है कि अगर बाल की सेहत सुधारनी है तो प्रोटीन की खुराक बढ़ानी होगी। लेकिन बालों को प्रोटीन अंदर से ही नहीं बाहर से भी देना जरूरी होता है। इसके लिए आपको बाजार में किसी महंगे प्रोटीन ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं है। घर के किचन में मौजूद चीजें से ही आप एक दमदार प्रोटीन ट्रीटमेंट अपने बालों को दे सकती हैं। आइए जानें क्या है ये प्रोटीन ट्रीटमेंट, जिसके इस्तेमाल से बालों की सेहत बेहतर हो सकती है?
बालों को प्रोटीन की खुराक कई चीजों की मदद से दी जा सकती है। इनमें अंडा, दूध, दही के साथ ही और भी कई चीजें हैं। लेकिन आज हम आपको किचन में मौजूद कुछ बेहद साधारण सी चीजों की मदद से बालों के लिए प्रोटीन मास्क बनाने का तरीका बता रहे हैं। इसमें अंकुरित मूंग, मेथी दाना और दही लगभग हर घर में मिल जाता है। जानें इससे हेयर मास्क बनाने का तरीका।
इन तीन चीजों से बनांए प्रोटीन मास्क
स्प्राउटेड मूंग, मेथी दाना और दही को एक साथ मिलाकर ब्लेंडर में डालकर बारीक पीस लें। स्प्राउटेड मूंग में एमिनो ऐसिड्स होते हैं जो बालों के विकास में मदद करते हैं, वहीं मेथी दाना बालों की जड़ों को मजबूत बना कर उनका झड़ना रोकने में मददगार होता है। दही में भी प्रोटीन होता जो बालों की प्रोटीन संबंधी जरूर पूरी करने के साथ ही उनकी नमी को कायम रखने में मदद करता है।
अब इस पेस्ट को अपने बालों में जड़ से सिरे तक अच्छे से लगाएं। इसे कम से कम 30 मिनट तक बालों पर लगा रहने दें और उसके बाद अच्छे शैंपू से सिर धो लें। इसके नियमित इस्तेमाल से बालों की सेहत में सुधार होता है। बाल घने और लंबे होते और उनमें चमक के साथ बाउंस भी आता है। ये हेयर मास्क आपके बालों की कई समस्या को खत्म कर सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सामग्री जानकारी मात्र है। हम इसकी सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता का दावा नहीं करते। कृपया किसी भी कार्रवाई से पहले विशेषज्ञ से संपर्क करें