Holi 2026 Tasty Kachori Recipe: होली का त्योहार हो और ढेरों पकवानों के बीच दाल कचौड़ी न बने, तो लगता है, जैसे कुछ भी नहीं बना है। गर्मा-गर्म, खस्ता दाल कचौड़ी पहली बाइट में अलग सा सुकून देती है। बहुत से लोग तो होली पार्टी में किसी के घर जाकर कचौड़ियों पर ही सीधा हमला करते हैं। ये होली का स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन है, जो मेहमानों का दिल जीत लेता है। इस होली आप भी कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो दाल कचौड़ी बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसे बनाने में बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती और गुझिया, मालपुआ और नमकीन स्नैक्स के बीच दाल कचौड़ी परफेक्ट कॉम्बिनेशन देती है। तो चलिए जानते हैं हर दिल अजीज दाल कचौड़ी की रेसिपी
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें। उसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा घी डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को चिकना करने के लिए उस पर हल्का सा तेल लगाएं और कपड़े से ढककर करीब 30 मिनट के लिए अलग रख दें।
अब एक कटोरे में मूंग दाल को धोकर लगभग दो घंटे के लिए भिगो दें। जब दाल अच्छी तरह फूल जाए तो उसका पानी निकालकर मिक्सर में दरदरा पीस लें और एक बर्तन में रख लें अब कड़ाही में एक चम्मच घी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। इसमें सौंफ, जीरा और एक चुटकी हींग डालकर खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें।
अब मसालों को अच्छी तरह भूनने के बाद इसमें थोड़ा बेसन डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक पकाएं। फिर इसमें मूंग दाल का पेस्ट मिलाकर अच्छी तरह चलाएं और कुछ मिनट तक भून लें। तैयार मिश्रण को ठंडा होने दें। अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें हर लोई को हल्का बेलें या अंगूठे से दबाकर कटोरी जैसा आकार दें।
इसमें दाल की तैयार स्टफिंग भरें और किनारों को बंद कर गोल आकार दें कड़ाही में तेल गर्म करें और धीमी आंच पर कचौड़ियों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें तैयार दाल कचौड़ी को हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ गरमागरम परोसें और होली के जश्न का स्वाद दोगुना करें।