सुबह का वक्त हो और नाश्ते में गरमा-गरम ऑमलेट या उबला अंडा मिल जाए, तो दिन की शुरुआत ही एनर्जेटिक लगती है। अंडा न सिर्फ स्वाद में शानदार होता है, बल्कि इसमें मौजूद प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स शरीर को ताकत भी देते हैं। यही वजह है कि ज्यादातर लोग इसे अपने ब्रेकफास्ट का अहम हिस्सा बनाते हैं। ऑफिस जाने वाले हों या जिम करने वाले हर किसी के लिए अंडा एक परफेक्ट फूड माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोज कितने अंडे खाना सेहत के लिए सही है? अक्सर लोग ये मान लेते हैं कि जितना ज्यादा अंडा खाओगे, उतना अच्छा रहेगा, जबकि ऐसा जरूरी नहीं।
खासकर गर्मी के मौसम में इसका ज्यादा सेवन शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है, क्योंकि अंडे की तासीर गर्म होती है। तो आइए जानते हैं, आखिर दिन में कितने अंडे खाना चाहिए और इसके क्या हैं सेहत से जुड़े फायदे।
एक दिन में कितने अंडे खाना है सही?
अगर आप एक स्वस्थ व्यक्ति हैं, तो दिन में 1 से 2 अंडे खाना पर्याप्त है। वहीं, जो लोग रोजाना एक्सरसाइज करते हैं या मसल्स गेन करना चाहते हैं, वे डॉक्टर की सलाह से 3 तक अंडे ले सकते हैं। लेकिन गर्मियों के मौसम में अंडे की मात्रा कम करना समझदारी है, क्योंकि इससे शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। ज्यादा सेवन से सिरदर्द, मुंह के छाले और पाचन गड़बड़ी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आंखों के लिए वरदान है अंडा
अंडे की जर्दी में मौजूद ल्यूटिन और जीएक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स आंखों के लिए बेहद फायदेमंद हैं। ये आंखों को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाते हैं और उम्र बढ़ने के साथ आने वाली कमजोर दृष्टि की समस्या को रोकते हैं। जो लोग कंप्यूटर या मोबाइल पर ज्यादा समय बिताते हैं, उनके लिए अंडा रोजाना के आहार में शामिल करना बहुत फायदेमंद है।
जो लोग वजन कम करने की कोशिश में हैं, उनके लिए अंडा किसी वरदान से कम नहीं। इसमें कम कैलोरी और हाई प्रोटीन होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। इससे अनावश्यक स्नैकिंग से बचा जा सकता है और वेट लॉस जर्नी आसान बनती है। नाश्ते में उबले अंडे या वेज ऑमलेट का सेवन वजन घटाने में कारगर होता है।
बालों और त्वचा की खूबसूरती का राज
अंडे में मौजूद बायोटिन और प्रोटीन बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं और टूटने से बचाते हैं। इसे बालों पर मास्क के रूप में लगाने से भी बेहतरीन रिजल्ट मिलते हैं। वहीं, त्वचा के लिए अंडा एक नेचुरल ग्लो बूस्टर है। इसके प्रोटीन और अमीनो एसिड त्वचा की कोशिकाओं को रिपेयर कर नेचुरल शाइन और जवां लुक देते हैं।
कब नहीं खाना चाहिए ज्यादा अंडा
अगर किसी को ब्लड प्रेशर, हार्ट या लिवर की समस्या है, तो उसे अंडे का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। साथ ही, अगर शरीर में पहले से गर्मी महसूस होती है या मुंह में छाले हैं, तो अंडा खाने से बचना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।