आजकल फिटनेस और हेल्दी डाइट की चाहत में लोग प्रोटीन युक्त विकल्पों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। शाकाहारी लोगों के लिए सोया बड़ी एक लोकप्रिय विकल्प बन चुकी है, जिसे मांस का हेल्दी और प्रोटीन-समृद्ध विकल्प माना जाता है। ये सोयाबीन के प्रोसेस्ड हिस्से से बनाई जाती है, जिसमें फाइबर और प्रोटीन भरपूर होता है। लेकिन जिस तरह इसकी मांग बढ़ी है, उसी रफ्तार से बाजार में नकली और मिलावटी सोया बड़ी की भरमार हो गई है। दिखने में असली जैसी लगने वाली ये नकली बड़ी न सिर्फ स्वाद में फर्क लाती है, बल्कि सेहत को गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकती है।
गैस, अपच, पेट दर्द से लेकर फूड प्वाइजनिंग जैसी दिक्कतें इन मिलावटी उत्पादों से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि आप सोया बड़ी खरीदते समय सतर्क रहें और असली-नकली में फर्क पहचान सकें, ताकि सेहतमंद रहने की कोशिश सेहत पर भारी न पड़ जाए।
असली सोया बड़ी की पहचान ऐसे करें
अगर असली सोया बड़ी उबालने पर अच्छी तरह फूलती है, स्पंजी हो जाती है और हाथ से दबाने पर पानी छोड़ती है। इसका स्वाद हल्का होता है और ग्रेवी में डालने पर यह जल्दी नरम हो जाती है।
बाजार में मिलने वाली नकली सोया बड़ी आटे जैसे स्वाद की होती है। उबालने पर रंग छोड़ती है, फ्राई करने पर कड़क हो जाती है और फूलती नहीं है। ये बड़ी सख्त बनी रहती है और खाने में भी अटपटी लगती है।
सेहत को नुकसान पहुंचाती है नकली बड़ी
नकली या मिलावटी सोया बड़ी पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे गैस, पेट दर्द, अपच और फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक इसका सेवन करने से शरीर में इंफेक्शन और कीड़े भी पनप सकते हैं।
बाजार से खरीदते समय रखें सावधानी
खुले में बिकने वाली बिना ब्रांड की सोया बड़ी खरीदने से बचें। किसी भी नई ब्रांड को इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा मात्रा में सेवन करें और शरीर की प्रतिक्रिया देखें। अगर कोई स्वास्थ्य समस्या महसूस हो, तो उसका उपयोग तुरंत बंद कर दें।
घर पर बनाएं शुद्ध और सेहतमंद सोया बड़ी
रातभर भीगे सोया बीजों को पीसकर उसमें मसाले मिलाएं और छोटी-छोटी गोलियां बना लें। इन गोलियों को धूप में अच्छी तरह सुखा लें और फिर स्टोर करें। इस तरह बनी बड़ी स्वादिष्ट भी होती है और पूरी तरह मिलावट रहित भी।
घर पर बनी सोया बड़ी में प्रोटीन और फाइबर भरपूर होता है। इसमें कोई केमिकल या मिलावट नहीं होती। ये पचाने में आसान होती है और शरीर को आवश्यक पोषण देती है।
होममेड सोया बड़ी पेट को लंबे समय तक भरा रखती है, जिससे ओवरईटिंग से बचा जा सकता है। ये मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाती है और शरीर में फैट कम करने में सहायक होती है।
ध्यान रखें सेवन की मात्रा
विशेषज्ञों के अनुसार, एक दिन में 25-30 ग्राम से अधिक सोया बड़ी का सेवन नहीं करना चाहिए। अधिक सेवन करने से यूरिक एसिड और एस्ट्रोजन लेवल बढ़ सकता है, जिससे लिवर और जोड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।