रांची के कटहल मोड़ की गृहिणी उषा ने अपने घर में तुलसी के पौधे की देखभाल का एक अनोखा और बेहद आसान तरीका खोजा है, जिससे उनका तुलसी का पौधा हमेशा हरा-भरा और ताजा रहता है। तुलसी जैसे पौधे धार्मिक और औषधीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनके स्वस्थ रहने पर ध्यान देना जरूरी है। उषा बताती हैं कि इसके लिए उन्हें महंगे उपकरण या जटिल रसायनों की जरूरत नहीं पड़ती। उनका तरीका बेहद सरल है और इसे घर पर आसानी से अपनाया जा सकता है। इसके लिए मुख्यतः दो चीजों का इस्तेमाल होता है – एक रुपये का शैंपू और महीने में एक बार फिटकरी पाउडर।
शैंपू से पौधे के पत्तों पर लगे काले कीड़े हट जाते हैं और फिटकरी पौधे को मजबूत और घना बनाए रखती है। इस आसान और किफायती तरीके से आप भी अपने तुलसी के पौधे को हमेशा स्वस्थ और सुंदर रख सकते हैं।
लोकल 18 से बात करते हुए उषा बताती है कि सबसे पहले शैंपू का स्प्रे तैयार करें। 1 रुपये वाले शैंपू को 1 लीटर पानी में घोलकर हल्का सा स्प्रे बनाएं। इसे पौधे के पत्तों से लेकर जड़ तक छिड़कें।
शैंपू में मौजूद तत्व तुलसी के पत्तों पर लगे काले कीड़ों को हटाने में मदद करते हैं। स्प्रे करने के बाद पौधे को एक दिन के लिए ऐसे ही छोड़ दें, और अगले दिन साफ पानी से धो लें। यह ऐसा है जैसे आप पौधे को हल्के नहला रहे हों।
कीड़ों और पौधे की मजबूती के लिए फिटकरी का उपयोग जरूरी है। 1 लीटर पानी में थोड़ा सा फिटकरी पाउडर घोलें और इसे जड़ से लेकर पत्तों तक छिड़क दें। ये उपाय महीने में केवल एक बार करना पर्याप्त है।
इससे तुलसी का पौधा घना, हरा-भरा और स्वस्थ रहता है, और कीड़ों की समस्या भी कम हो जाती है। उषा के इन दो आसान उपायों से आप तुलसी को हमेशा ताजा और सुंदर बनाए रख सकते हैं।