सफेद कपड़े हमेशा से ही शुद्धता, सादगी और क्लास का प्रतीक माने जाते हैं। इन्हें पहनना जहां एक ओर बहुत आकर्षक लगता है, वहीं दूसरी ओर इन्हें साफ-सुथरा बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। थोड़ी सी धूल, पसीना या खाने का हल्का सा छींटा भी इनकी चमक फीकी कर देता है। यही वजह है कि कई लोग इन्हें खरीदने से कतराते हैं। लेकिन अब समय है उस डर को अलविदा कहने का। सफेद कपड़ों की देखभाल कोई पहाड़ जैसी मुश्किल नहीं, अगर अपनाए जाएं कुछ आसान और घरेलू टिप्स।
दरअसल, हमारी रसोई में ही छुपा होता है सफेदी लौटाने का राज, बस सही तरीके और थोड़ी समझदारी की जरूरत होती है। तो अगर आप भी चाहते हैं कि आपके सफेद कपड़े हर बार वैसे ही चमकें जैसे पहले दिन चमकते थे, तो इस लेख में बताए गए आसान उपाय आपके बड़े काम आ सकते हैं।
सफेद कपड़ों को अलग ही धोएं
सबसे पहली और जरूरी बात—सफेद कपड़ों को हमेशा रंगीन कपड़ों से अलग धोएं। इससे उन पर रंग नहीं चढ़ेगा। हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करने से जमी हुई धूल और पसीने की गंदगी आसानी से निकल जाती है।
अगर सफेद कपड़ों की चमक फीकी पड़ रही हो, तो बेकिंग सोडा आपके काम आ सकता है। एक बाल्टी पानी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और कपड़े इसमें 30 मिनट तक भिगो दें। फिर सामान्य डिटर्जेंट से धोएं। इससे बदबू, पसीने के दाग और पीलेपन से छुटकारा मिलेगा।
नींबू का रस और थोड़ा नमक गर्म पानी में मिलाकर एक घोल तैयार करें। इसमें कपड़े आधे घंटे तक रखें। फिर धो लें। नींबू प्राकृतिक ब्लीच की तरह काम करता है और पुराने पीले दागों को दूर करता है। खासतौर पर पुरानी सफेद शर्टों के लिए ये उपाय बेहद असरदार है।
एक कप सफेद सिरका वॉशिंग मशीन के आखिरी रिंस में डालें या अगर हाथ से धो रहे हैं तो अंतिम बार के पानी में मिलाएं। ये न केवल कपड़ों को साफ करता है, बल्कि उनकी मुलायमियत और सफेदी को भी बनाए रखता है।
धूप में सुखाएं, छांव में नहीं
सफेद कपड़ों को धूप में सुखाना बेहद जरूरी है। सूरज की किरणें ना केवल जल्दी सुखाने में मदद करती हैं, बल्कि बैक्टीरिया को भी मारती हैं और कपड़े में चमक लाती हैं। कपड़ों को उलटकर सुखाना न भूलें ताकि फैब्रिक खराब न हो।