फरवरी आते ही हर जगह प्यार, रोमांस और वेलेंटाइन डे की बातें सुनने को मिलने लगती हैं। इसी समय बाजार में गुलाब की डिमांड अचानक बढ़ जाती है, क्योंकि लोग अपने चाहने वालों को खास महसूस कराने के लिए गुलाब खरीदते हैं। लेकिन अगर आपके घर, छत या गमले में पहले से ही गुलाब का पौधा है, तो आप खुद भी उसे खिलाकर वेलेंटाइन डे तक खूबसूरत फूलों से भर सकते हैं। इसके लिए आपको किसी महंगी केमिकल या जटिल तरीकों की जरूरत नहीं है। बस थोड़ा ध्यान, सही समय पर देखभाल और घर में उपलब्ध साधारण चीज़ों का इस्तेमाल करना काफी है।
सही पोषण और थोड़ी मेहनत से गुलाब का पौधा हरा-भरा और फूलों से लदा हुआ दिख सकता है। अब बस आपको यह जानना है कि फरवरी की शुरुआत में कौन-सी देखभाल जरूरी है और किस घरेलू नुस्खे से आपके गुलाब पौधे खिलेंगे।
घर पर ही पौधे को पोषण दें
गार्डन एक्सपर्ट रामसिया पटेल कहते हैं कि अच्छे और ज्यादा फूल पाने का राज जैविक देखभाल में है। घर में मौजूद साधारण चीजों से ही गुलाब का पौधा पूरी तरह पोषित हो सकता है, बस तरीका सही होना चाहिए।
फरवरी की शुरुआत में करें हल्की गुड़ाई
महीने की शुरुआत में गुलाब के पौधे की मिट्टी को हल्का-हल्का खोदें। इससे मिट्टी में हवा का संचार बढ़ता है और जड़ों तक पानी और पोषक तत्व आसानी से पहुँचते हैं। इसके बाद मिट्टी में गोबर की सड़ी खाद, वर्मीकम्पोस्ट, बोन मील और नीम खली मिलाएँ। ये जैविक खाद पौधे को नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटाश देती है, जिससे फूल बड़े और ज्यादा आते हैं।
पुरानी टहनियां हटाएं और नई कली पाइए
रामसिया पटेल के अनुसार, हार्ड प्रूनिंग यानी पुराने, सूखे और कमजोर हिस्सों को काटना बहुत जरूरी है। इससे पौधे में नई शाखाएं निकलती हैं और उन्हीं पर सबसे ज्यादा फूल आते हैं। प्रूनिंग के बाद पौधा जल्दी ही हरा-भरा और ताजा दिखने लगता है।
कीटों से बचाव के लिए नीम तेल
नई ग्रोथ को कीट और फंगस से बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए नीम तेल का घोल सबसे असरदार है। एक लीटर पानी में 3-5 मिली नीम तेल मिलाकर हफ्ते में एक बार पत्तियों और टहनियों पर छिड़कें। इससे कीड़े नहीं लगेंगे और पौधा स्वस्थ रहेगा।
धूप और मौसम का रखें ध्यान
गुलाब के पौधे को रोजाना कम से कम 6 घंटे सीधी धूप मिलनी चाहिए। अगर धूप कम मिले तो पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और फूल भी नहीं आते। साथ ही बहुत ज्यादा ठंड या गर्मी से पौधा प्रभावित होता है। इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां मौसम और धूप संतुलित हो।
गार्डन एक्सपर्ट का खास नुस्खा आलू और नींबू से बना घरेलू घोल है। यह पौधे की ग्रोथ तेज करता है और फूलों की संख्या बढ़ाता है। इसके अलावा चायपत्ती, केले के छिलके, अंडे के छिलके, एप्सम सॉल्ट, सरसों की खली और लकड़ी की राख भी सर्दियों में गुलाब के लिए बहुत फायदेमंद हैं।