बरसात का मौसम जहां हरियाली और ठंडक का अहसास देता है, वहीं कुछ परेशानियां भी साथ लाता है। इनमें सबसे आम है कपड़ों का देर से सूखना और उनमें बदबू आना। लगातार नमी और धूप की कमी से कपड़ों में फफूंदी और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे उनकी ताजगी खत्म हो जाती है। ऐसे में अलमारी में रखे कपड़े भी गंध छोड़ने लगते हैं। लेकिन इस समस्या का हल मुश्किल नहीं है। सोशल मीडिया पर लोकप्रिय कुमार सर (मुकेश कुमार) ने इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए बेहद आसान और सस्ते उपाय बताए हैं, जो मात्र 5 मिनट में असर दिखा सकते हैं।
इन तरीकों को अपनाकर आप न सिर्फ बदबू से छुटकारा पा सकते हैं, बल्कि कपड़ों में ताजगी और मुलायमपन भी वापस ला सकते हैं। खास बात ये है कि ये उपाय वॉशिंग मशीन और हाथ से धोए गए दोनों तरह के कपड़ों पर कारगर हैं, जिससे आपकी मेहनत और समय दोनों बचेंगे।
नींबू सिर्फ खाने का स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि कपड़ों की बदबू मिटाने में भी माहिर है। कपड़े धोने के बाद एक बाल्टी पानी में एक चम्मच नींबू का रस डालें और उसमें कपड़ों को अच्छी तरह खंगाल लें। नींबू एक प्राकृतिक डिओडोरेंट है, जो न सिर्फ बदबू हटाता है बल्कि कपड़ों को ताजगी भी देता है।
अगर नींबू नहीं है, तो किचन में रखा बेकिंग सोडा आपकी मदद करेगा। एक बाल्टी पानी में एक कप बेकिंग सोडा डालें और कपड़ों को उसी में धोने के बाद सुखाएं। बेकिंग सोडा बदबू को बेअसर करने के साथ-साथ कपड़ों को मुलायम भी बना देता है।
सफेद सिरका भी इस काम में बेहतरीन है। एक बाल्टी पानी में एक चम्मच विनेगर डालें और कपड़ों को खंगाल लें। विनेगर फंगस और बैक्टीरिया को मार देता है, जिससे कपड़ों में बदबू का नामोनिशान नहीं रहता।
वॉशिंग मशीन में कैसे करें इस्तेमाल
अगर आप ये ट्रिक मशीन में अपनाना चाहते हैं, तो नींबू का रस, बेकिंग सोडा या वाइट विनेगर – इनमें से कोई एक लें। कपड़े धोते समय आखिरी राउंड में एक चम्मच नींबू, एक कप बेकिंग सोडा या आधा कप विनेगर डाल दें। इससे कपड़े मशीन से ही बदबू रहित और फ्रेश निकलेंगे।
कपड़े सुखाने के जरूरी टिप्स
धूप न होने पर कपड़े कमरे में सुखाएं, लेकिन वेंटिलेशन का ध्यान रखें।
कपड़ों को फैलाकर सुखाएं और पास में पंखा चलाएं।
गीले कपड़ों का ढेर न लगाएं, इससे बैक्टीरिया बढ़ते हैं।
एक बार में बहुत सारे कपड़े धोने की बजाय, हर दूसरे दिन धोकर सुखाएं।
बारिश में कपड़ों की बदबू से परेशान होने की जरूरत नहीं है। बस ये घरेलू नुस्खे अपनाएं और आपके कपड़े फिर से महकते और मुलायम हो जाएंगे, चाहे मौसम कितना भी नमी वाला क्यों न हो।