सर्दियों का मौसम खत्म होते ही पफर जैकेट्स को अलमारी में रखने का वक्त आ जाता है। ठंड के दिनों में ये जैकेट्स हमें ठिठुरन से बचाने के साथ-साथ फैशनेबल लुक भी देती हैं, लेकिन मौसम बदलते ही इनकी सही देखभाल करना उतना ही जरूरी हो जाता है। अक्सर लोग जल्दबाजी में जैकेट को कहीं भी रख देते हैं, जिसका असर उसकी शेप और क्वालिटी पर पड़ता है। पफर जैकेट की खासियत उसकी फुलनेस और गर्माहट होती है, जो गलत स्टोरेज से धीरे-धीरे कम हो सकती है। ऑफ-सीजन में अगर जैकेट को सही तरीके से नहीं रखा गया, तो अगली सर्दियों में वह वैसी नहीं दिखती जैसी पहले थी। कहीं न कहीं उसकी बनावट ढीली लगने लगती है और पहनने में भी पहले जैसा आराम महसूस नहीं होता।
इसलिए मौसम बदलते ही यह समझना जरूरी हो जाता है कि पफर जैकेट को कैसे और कहां स्टोर किया जाए, ताकि उसकी क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहे और वह हर सर्दी में नए जैसी लगे।
गलत स्टोरेज से बिगड़ सकता है लुक और गर्माहट
अक्सर लोग पफर जैकेट खरीद तो लेते हैं, लेकिन इसकी देखभाल को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं। सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि जैकेट को टांगकर रखें या मोड़कर। गलत तरीका अपनाने से जैकेट की इंसुलेशन और शेप दोनों खराब हो सकती हैं।
कब टांगकर रखना है पफर जैकेट?
अगर आपकी अलमारी में पर्याप्त जगह है और आप जैकेट का बार-बार इस्तेमाल करते हैं, तो इसे हैंग करके रखना बेहतर रहता है। खासकर जब जैकेट गीली हो या हाल ही में धुली हो, तब टांगकर रखने से वह जल्दी सूख जाती है।
पफर जैकेट को हमेशा चौड़े और पैडेड हैंगर पर टांगें। जैकेट की जिप पूरी बंद रखें और इसे सूखी, ठंडी जगह पर रखें। पतले वायर हैंगर से बचें, क्योंकि इससे जैकेट की शेप खराब हो सकती है।
अगर अलमारी में जगह कम है या सर्दियां खत्म होने के बाद जैकेट को लंबे समय के लिए स्टोर करना है, तो फोल्ड करना सबसे सही विकल्प है। सही तरीके से मोड़ने पर जैकेट अगले सीजन में भी नई जैसी बनी रहती है।
फोल्ड करने का स्मार्ट तरीका
जैकेट को किसी समतल सतह पर रखें, स्लीव्स अंदर की ओर मोड़ें और हल्के हाथ से फोल्ड करें। ज्यादा दबाव न डालें, वरना शेप खराब हो सकती है। चाहें तो फोल्ड करते समय टिशू पेपर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
वैक्यूम सीलिंग कब है सही विकल्प?
लंबे समय तक स्टोरेज, खासकर गर्मियों में, वैक्यूम-सीलिंग उपयोगी हो सकती है। इससे जगह भी बचती है और जैकेट सुरक्षित रहती है। ध्यान रखें कि जैकेट पूरी तरह साफ और सूखी हो। जरूरत से ज्यादा कंप्रेस न करें और अच्छी क्वालिटी के वैक्यूम बैग का ही इस्तेमाल करें।