करवाचौथ का त्योहार हर शादीशुदा महिला के लिए बेहद खास होता है। इस दिन का हर श्रृंगार, हर साज-सज्जा प्यार और आस्था का प्रतीक होता है। और जब बात हो मेहंदी की, तो उसके बिना करवाचौथ अधूरा लगता है। कहते हैं, मेहंदी जितनी गाढ़ी रचती है, पति का प्यार उतना ही गहरा होता है। लेकिन कई बार वक्त की कमी या छोटी गलतियों की वजह से मेहंदी का रंग हल्का या संतरी रह जाता है। अगर आप चाहती हैं कि इस करवाचौथ आपकी हथेलियां गहरी महरून खिल उठें, तो अपनाएं ये आसान और असरदार घरेलू नुस्खे।
पुरानी दादी-नानी का आजमाया हुआ नुस्खा आज भी उतना ही कारगर है। मेहंदी सूख जाने के बाद थोड़े से पानी में नींबू का रस और चीनी मिलाकर तैयार किए गए घोल को रूई की मदद से मेहंदी पर लगाएं। ये नमी और रंग दोनों को लॉक कर देता है। अगर नींबू न हो, तो सिर्फ चीनी का घोल भी असरदार रहेगा। बस ध्यान रखें, मेहंदी सूखने के बाद ही यह घोल लगाएं।
मेहंदी लगाने के बाद हाथों को बार-बार धोने या ठंडी जगह पर रखने की गलती न करें। गर्माहट रंग को गहरा बनाती है, जबकि नमी रंग को हल्का कर सकती है। कोशिश करें कि मेहंदी सूखने के बाद रातभर न धोएं, बल्कि अगली सुबह साफ करें।
मेहंदी हटाने के बाद अगर उसका रंग हल्का या पीला दिखे तो परेशान न हों। हाथों पर सरसों का तेल मलें। यह तेल न सिर्फ रंग को गहरा करता है बल्कि त्वचा को भी मॉइस्चर देता है। कुछ घंटों तक हाथों को पानी से दूर रखें और फिर देखिए कमाल! अगर चाहें तो नारियल तेल या मेहंदी के लिए खास तैयार किए गए ऑयल का भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
अगर आप चाहती हैं कि मेहंदी का रंग और भी गहरा दिखे, तो लौंग की भाप का सहारा लें। इसके लिए तवा गर्म करें और उस पर कुछ लौंग डाल दें। जैसे ही लौंग से भाप उठने लगे, अपने मेहंदी लगे हाथों को धीरे-धीरे उस भाप के ऊपर रखें। भाप से निकली गर्मी मेहंदी में मौजूद डाई को एक्टिव करती है, जिससे उसका रंग और गाढ़ा हो जाता है।
करवाचौथ की मेहंदी बने सबसे खूबसूरत
अगर आप इन आसान हैक्स को फॉलो करेंगी, तो इस करवाचौथ आपकी हथेलियां गाढ़ी, महरून और चमकदार मेहंदी से सजेंगी। तो अब देर किस बात की? आज ही ये उपाय ट्राई करें और करवाचौथ पर अपने प्यार का रंग और भी गहरा बना लें।