जब आप सब्जी मंडी या दुकान पर जाते हैं, तो लौकी की कई तरह की वैरायटी दिखती हैं। कोई लंबी होती है, तो कोई छोटी और गोल। कोई देसी होती है, तो कोई हाईब्रिड। ऐसे में अकसर लोग सोच में पड़ जाते हैं कि कौन-सी लौकी लेना सही रहेगा। लोग ये भी पूछते हैं कि क्या लंबी और गोल लौकी में कोई फर्क होता है? क्या स्वाद में अंतर होता है? और सबसे जरूरी – सेहत के लिए कौन-सी बेहतर होती है? अक्सर हम बिना सोचे समझे लौकी उठा लेते हैं, लेकिन हर लौकी एक जैसी नहीं होती। उसकी किस्म, स्वाद, गलने की क्षमता और पौष्टिकता अलग-अलग हो सकती है।
इसलिए अगर आप भी हर बार कन्फ्यूज हो जाते हैं कि कौन-सी लौकी ज्यादा फायदेमंद है, तो अब जानिए आसान भाषा में कि गोल और लंबी लौकी में क्या है अंतर और किसे चुनना आपके लिए रहेगा बेस्ट।
गोल और लंबी लौकी में क्या फर्क है?
लंबी और गोल लौकी दोनों पोषण से भरपूर होती हैं। लेकिन इनका स्वाद और बनावट अलग होती है। गोल लौकी को नरेंद्र माधुरी प्रजाति कहा जाता है, वहीं लंबी लौकी को शिवानी माधुरी। गोल लौकी को अक्सर देसी लौकी भी कहा जाता है। इसका स्वाद ज्यादा अच्छा होता है और ये जल्दी गल जाती है। सब्जी एकदम घुली-मिली बनती है। वहीं लंबी लौकी कभी-कभी हाईब्रिड या इंजेक्शन से पकाई गई हो सकती है। कई बार यह ज्यादा सख्त होती है और गलती नहीं है। यही वजह है कि अगर दोनों किस्में बाजार में उपलब्ध हैं तो गोल लौकी को प्राथमिकता दें।
लौकी खरीदते वक्त ध्यान रखें ये बातें
लौकी खरीदते वक्त उसकी ऊपरी सतह चिकनी और चमकदार होनी चाहिए। डंठल ताजा टूटा हो, यह भी जांचें। अगर लौकी ज्यादा सख्त या रूखी लगे तो वो अंदर से खराब हो सकती है। ऐसी लौकी सब्जी में न ठीक से गलती है और न ही उसका स्वाद अच्छा होता है।
लौकी एक हेल्दी और हल्की सब्जी है। इसमें पानी भरपूर होता है जो शरीर को ठंडक देता है। लौकी में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है जिससे पाचन ठीक रहता है। इसमें विटामिन C, B, A और E मौजूद होते हैं। लौकी में आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, जिंक, फोलिक एसिड, सेलेनियम, कॉपर जैसे जरूरी मिनरल भी होते हैं। यह सब्जी कैल्शियम और फास्फोरस से भी भरपूर होती है।
लौकी वजन घटाने वालों के लिए आदर्श सब्जी है। ये पेट को साफ रखती है और पाचन ठीक करती है। लौकी लिवर की सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है। इसके अलावा ये त्वचा को भी हेल्दी बनाती है और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देती।
अगर आप स्वाद, पाचन और पोषण के हिसाब से लौकी चुनना चाहते हैं, तो गोल देसी लौकी बेहतर विकल्प है। यह जल्दी गलती है, स्वादिष्ट होती है और सेहत के लिए भी बेहतरीन है। इसलिए अगली बार सब्जी खरीदें तो लौकी की बनावट पर ध्यान दें। सही चयन ही स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखेगा।