नींबू का पौधा रहेगा हरा-भरा और फलों से लदा, गार्डनिंग के ये टिप्स आएंगे काम

घर में नींबू का पौधा लगाना आसान है, लेकिन अच्छी ग्रोथ और फल पाने के लिए थोड़ी सही देखभाल जरूरी है। पौधे को सही माहौल और पर्याप्त देखभाल मिले, तो यह आपके घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ ताजे नींबू भी दे सकता है। इसका रेगुलर ध्यान रखकर आप घर पर ही हरा-भरा नींबू का पौधा तैयार कर सकते हैं। इसलिए यदि गार्डनिंग का शौक है, तो इस मौसम में नींबू का पौधा लगाना एक अच्छा आइडिया हो सकता है।

अपडेटेड Sep 01, 2026 पर 1:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

नींबू की जरूरत हमेशा घर में पड़ती रहती है। खाने में टेस्ट बढ़ाने, शरबत बनाने और कई कामों में इसका इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन बाजार से बार-बार नींबू खरीदने के बजाय आप घर में ही गमले में इसका पौधा लगा सकते हैं। सही देखभाल के साथ घर का नींबू का पौधा हरा-भरा रहेगा और जरूरत के समय ताजे नींबू भी मिलते रहेंगे। यदि आपके घर में थोड़ी जगह है, तो गमले में नींबू का पौधा लगाकर ताजे नींबू घर पर ही उगा सकते हैं। बरसात का मौसम भी पौधा लगाने के लिए अच्छा माना जाता है।

लेकिन कई बार पौधा अच्छी तरह बढ़ने के बाद भी उसमें नींबू नहीं लगते या फूल आने के बाद गिर जाते हैं। इसकी वजह पौधे को सही देखभाल न मिलना हो सकती है। इस पौधा की रोज देखभाल करने से पौधे की अच्छी ग्रोथ में मदद मिल सकती है।

lemon op

सही पौधा और बड़ा गमला चुनें


नींबू का पौधा हमेशा नर्सरी से लेना सही रहता है। कोशिश करें कि पौधा कम से कम 6 महीने पुराना और हेल्दी हो। पौधे में लंबे समय तक फल लगने के लिए बारहमासी किस्म का पौधा चुन सकते हैं। कागजी नींबू की किस्म भी घर में लगाने के लिए एक ऑप्शन हो सकती है। पौधे के लिए कम से कम 18 इंच का गमला लें और उसमें पानी बाहर निकलने के लिए ड्रेनेज होल जरूर रखें। मिट्टी साफ और भुरभुरी होनी चाहिए। इसमें वर्मी कंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद मिलाई जा सकती है।

पौधे की कटाई-छंटाई

नींबू के पौधे में ज्यादा और अच्छी ग्रोथ चाहते हैं, तो समय-समय पर उसकी कटाई-छंटाई यानी प्रूनिंग करें। सूखी, कमजोर और खराब टहनियों को काटकर हटा दें। पुरानी टहनियों की सही कटाई से नई शाखाएं निकलने में मदद मिल सकती है और पौधा ज्यादा घना हो सकता है। मार्च से सितंबर के बीच पौधे की ग्रोथ ज्यादा होती है, इसलिए इस समय खाद की जरूरत पर ध्यान दें।

किचन की चीजों से बनी घरेलू खाद

नींबू के पौधे के लिए घर में इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों का उपयोग भी किया जा सकता है। केले और आलू के छिलकों को अच्छी तरह सुखाकर उनका पाउडर बना लें और महीने में एक बार उचित मात्रा में पानी के साथ पौधे की मिट्टी में डाल सकते हैं। फूल और फल आने के समय सरसों की खली का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसे बहुत ज्यादा मात्रा में खाद न दें, जरूरत के हिसाब से ही इस्तेमाल करें।

पौधे को लकड़ी से सहारा दें और कीड़ों से बचाएं

नींबू के पौधे पर कई बार कीड़े लग सकते हैं। ऐसे में नीम ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है। बारिश के मौसम में पौधे की टहनियां पानी और हवा के कारण झुक सकती हैं, इसलिए जरूरत पड़ने पर उन्हें बांस की पतली लकड़ी या किसी सहारे से बांध दें। अगस्त के आसपास जरूरत के हिसाब से टहनियों की हल्की प्रूनिंग भी की जा सकती है। इस तरह रेगुलर देखभाल से नींबू का पौधा हेल्दी रहेगा और फल लगते रहेंगे।

धूप और पानी का ध्यान रखें

नींबू के पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए धूप चाहिए। इसे ऐसी जगह रखें जहां रोज करीब 6 से 8 घंटे धूप मिल सके। पानी देते समय खास सावधानी रखें, क्योंकि नींबू के पौधे को बहुत ज्यादा पानी पसंद नहीं होता। मिट्टी ऊपर से सूखी लगे तभी जरूरत के हिसाब से पानी दें। गमले में पानी जमा रहने से जड़ों को नुकसान हो सकता है। बारिश के मौसम में ध्यान रखें कि गमले में पानी रुका न रहे।

इस तरह घर में नींबू का पौधा लगाकर अच्छी पैदावार लेना मुश्किल नहीं है। बस पौधे की जरूरतों को समझकर समय-समय पर उसकी देखभाल करते रहना जरूरी है। थोड़ी सी मेहनत और सही तरीके से देखभाल करने पर आपका पौधा हरा-भरा रहेगा और उसमें अच्छे फल भी आ सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।