बरसात का मौसम जहां एक तरफ ठंडक और ताजगी लेकर आता है, वहीं दूसरी तरफ घर की खिड़कियों और दरवाजों के लिए सिरदर्द भी बन जाता है। इस मौसम में नमी के कारण लकड़ी फूल जाती है, लोहे पर जंग चढ़ जाता है और कई बार तो दरवाजे या खिड़कियां इतनी टाइट हो जाती हैं कि खुलने-बंद होने में मुश्किल होती है। खासकर पुराने घरों में ये समस्या और ज्यादा देखने को मिलती है। ऐसे में लोग समझ नहीं पाते कि इसका हल क्या निकाला जाए। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ घरेलू और आसान उपायों की मदद से इन परेशानियों से आसानी से निपटा जा सकता है।
इन उपायों को अपनाकर आप न सिर्फ अपने घर की चीजों को लंबे समय तक दुरुस्त रख सकते हैं, बल्कि बारिश के मौसम का आनंद बिना किसी रुकावट के उठा सकते हैं।
साफ-सफाई से ही दूर रहेंगी मुसीबतें
खिड़की और दरवाजों की नियमित सफाई सबसे कारगर तरीका है। अगर आप हर हफ्ते थोड़ा समय देकर इनकी सफाई करते हैं, तो मानसून की नमी और गंदगी इन्हें जाम नहीं कर पाएगी। लोहे के हिस्सों पर अक्सर जंग लग जाती है, जिससे चलने में दिक्कत आती है। ऐसे में सैंडपेपर का इस्तेमाल करें। जंग लगी जगहों को सैंडपेपर से रगड़ें और फिर देखें, दरवाजे और खिड़कियां कैसे आराम से चलने लगते हैं।
जी हां, मोमबत्ती सिर्फ रोशनी के लिए ही नहीं, बल्कि जाम सिटकनी और लॉक को ठीक करने में भी काम आती है। एक मोमबत्ती को क्रश करें और उसके चूरे को जाम हुए हिस्सों—जैसे डोर लॉक, हैंडल, स्क्रू, बोल्ट आदि—पर लगाएं। फिर उन्हें दो-तीन बार खोलें और बंद करें। आपको फर्क तुरंत नजर आएगा। एक बार ये देसी ट्रिक जरूर आजमाएं।
बारिश में खिड़की या दरवाजे खोलते वक्त अगर चर-चर की आवाज आती है, तो समझिए कि जंग लग चुका है। इस परेशानी को दूर करने के लिए सरसों का तेल एक बेहतरीन उपाय है। कुछ बूंदें जाम हिस्सों पर डालें और सूती कपड़े से पोंछें। आवाज भी गायब हो जाएगी और दरवाजे भी स्मूदली खुलने लगेंगे। ध्यान रहे, गीले कपड़े से साफ करने की बजाय हमेशा सूखे कपड़े या ब्रश का इस्तेमाल करें।
बरसात में लकड़ी नमी सोखकर फैल जाती है, जिससे दरवाजे टाइट हो जाते हैं। ऐसे में सबसे पहले इन्हें खुला छोड़ने की गलती न करें। इससे दरवाजा और भी ज्यादा फैल सकता है। हमेशा इसे बंद करके रखें और अगर जरूरत हो तो किनारों को थोड़ा घिसकर फिटिंग में सुधार लाएं। एक और तरीका है दरवाजे के किनारों पर वैसलीन या वैक्स लगाना, जिससे ये ज्यादा नमी न खींचें।
लोहे की खिड़कियों के साथ बारिश के दिनों में सबसे बड़ा दुश्मन होता है—जंग। इसलिए इन्हें पानी से साफ करने की बजाय सूखा कपड़ा या मुलायम ब्रश इस्तेमाल करें। अगर पहले से जंग लग चुका है, तो WD-40 जैसे लुब्रिकेंट या थोड़ा सरसों तेल डालें। इससे स्क्रू, नट और हैंडल आसानी से चलने लगेंगे।