बरसात में मच्छरों का आतंक हर किसी के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। कोई हाथ में कॉइल लिए बैठा होता है, तो कोई पूरे कमरे में रिपेलेंट की खुशबू फैला देता है। लेकिन फिर भी कुछ लोग ज्यादा मच्छरों के शिकार बनते हैं, जबकि कुछ के पास मच्छर मंडराते तक नहीं। ये फर्क सिर्फ भाग्य नहीं, बल्कि विज्ञान भी है। हालिया शोधों में सामने आया है कि मच्छर किसी भी इंसान को काटने के लिए एक खास ‘मापदंड’ अपनाते हैं—और इसमें सबसे अहम भूमिका होती है आपके ब्लड ग्रुप की। जी हां, मच्छरों को कुछ खास ब्लड ग्रुप वाले लोग ज्यादा आकर्षित करते हैं।
यही कारण है कि आपके घर में एक ही कमरे में सोते हुए भी एक को रातभर चैन की नींद आती है और दूसरा करवटें बदलता रह जाता है। आइए जानें कि ब्लड ग्रुप और मच्छरों के बीच का ये अनोखा रिश्ता आखिर है क्या।
कुछ खून की खुशबू मच्छरों को ज्यादा भाती है
जी हां, वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि मच्छर इंसानों के खून की गंध को पहचान सकते हैं। उनका सिस्टम इतना तेज होता है कि वो दूर से ही समझ लेते हैं कि कौन उनके लिए 'पसंदीदा' शिकार है। और इसमें सबसे बड़ा रोल होता है आपके ब्लड ग्रुप का।
O ब्लड ग्रुप वालों की टेंशन ज्यादा
यदि आपका ब्लड ग्रुप O है, तो आपके लिए बुरी खबर है। रिसर्च के अनुसार, मच्छरों को O ब्लड ग्रुप बेहद पसंद है। ये लोग जहां भी जाएं, मच्छरों के निशाने पर सबसे पहले वही आते हैं। ये ब्लड ग्रुप मच्छरों को एक तरह से "खुशबूदार दावत" की तरह लगता है।
B ग्रुप वाले भी हैं खतरे में
O के बाद यदि किसी को मच्छरों से डरना चाहिए, तो वे हैं B ब्लड ग्रुप वाले लोग। ये भी मच्छरों के टारगेट पर होते हैं, हालांकि O ग्रुप के मुकाबले थोड़ा कम। अगर आप B ग्रुप के हैं, तो सतर्क रहना जरूरी है, खासकर बरसात में।
A ब्लड ग्रुप वालों को राहत
अब बात करते हैं A ब्लड ग्रुप की। आपको जानकर राहत मिलेगी कि A ग्रुप वाले लोगों को मच्छर कम पसंद करते हैं। इनका शरीर मच्छरों के लिए उतना आकर्षक नहीं होता। यानी ये लोग मच्छरों के लिए जैसे ‘नॉट इंटरस्टिंग’ होते हैं।
सिर्फ ब्लड ग्रुप ही नहीं, स्किन और पसीना भी अहम
हालांकि सिर्फ ब्लड ग्रुप ही नहीं, बल्कि आपकी स्किन की गंध, पसीने में मौजूद तत्व, शरीर का तापमान और कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर भी मच्छरों को आकर्षित करता है। लेकिन फिर भी ब्लड ग्रुप एक बड़ा कारण है कि क्यों कुछ लोग मच्छरों के फेवरिट बन जाते हैं।
चाहे आप किसी भी ब्लड ग्रुप के हों, मच्छरों से बचाव हर किसी के लिए जरूरी है। ये सिर्फ खुजली नहीं, बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियां भी फैला सकते हैं। घर में साफ-सफाई, मॉस्किटो रिपेलेंट और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनना इनसे बचाव के कारगर उपाय हैं।