मानसून के मौसम में मक्खियों की समस्या आम हो जाती है। जैसे ही बारिश शुरू होती है, घरों में नमी और गंदगी बढ़ जाती है, जिससे मक्खियां तेजी से पनपने लगती हैं। ये न सिर्फ परेशान करती हैं, बल्कि बीमारियों का भी कारण बनती हैं, क्योंकि मक्खियां एक जगह से दूसरी जगह बैक्टीरिया और गंदगी ले जाती हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते इनसे छुटकारा पाने के लिए कारगर उपाय अपनाए जाएं।
मक्खियों से बचाव का सबसे पहला और असरदार तरीका है—घर की पूरी सफाई। घर के किसी भी कोने में गंदगी, जूठे बर्तन, या भोजन के कण न छोड़ें। खासतौर पर रसोई, डाइनिंग टेबल और कूड़ेदान को हमेशा साफ रखें। अगर किसी जगह गंदगी रह गई, तो मक्खियां वहां जरूर भिनभिनाएंगी। सफाई के लिए पानी में थोड़ा सा फिनाइल मिलाकर पूरे घर में पोंछा लगाएं। फिनाइल की गंध और उसके एंटी-बैक्टीरियल गुण मक्खियों को दूर रखने में मदद करते हैं।
कपूर और तेजपत्ते की तेज गंध मक्खियों को बिल्कुल पसंद नहीं आती। आप कपूर और तेजपत्ते को मिलाकर जला सकते हैं और उसका धुआं पूरे घर में फैला सकते हैं। यह न सिर्फ मक्खियों को भगाता है, बल्कि बारिश के मौसम में घर को संक्रमण से भी बचाता है, क्योंकि दोनों में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं।
फिनाइल के अलावा, नमक और सिरका भी मक्खियों को दूर रखने में असरदार हैं। दोनों को पानी में मिलाकर घर में पोंछा लगाएं। सिरके की तेज गंध और नमक के क्लींजिंग गुण मिलकर मक्खियों को घर से दूर रखते हैं। यह उपाय न सिर्फ मक्खियों को भगाता है, बल्कि घर को भी साफ और ताजा बनाए रखता है।
फिटकरी, नमक और नींबू का स्प्रे
मक्खियों से लंबे समय तक छुटकारा पाने के लिए आप फिटकरी, नमक और नींबू का मिश्रण बना सकते हैं। इसके लिए नमक और नींबू को अच्छे से उबाल लें, फिर उसमें कूटी हुई फिटकरी मिला दें। इस घोल को ठंडा करके स्प्रे बॉटल में भर लें। अब जहां भी मक्खियां ज्यादा आती हैं, वहां इस मिश्रण का स्प्रे करें या पोंछा लगाएं। यह नुस्खा लॉन्ग टर्म के लिए भी असरदार है और बार-बार दोहराने पर मक्खियां घर के पास नहीं फटकेंगी।
मक्खियों से बचाव के लिए जरूरी है कि घर में कूड़ेदान को ढंककर रखें और समय-समय पर खाली करें। जूठे बर्तन तुरंत धो लें और खाने-पीने की चीजों को ढककर रखें। खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगवाएं ताकि मक्खियां अंदर न आ सकें। घर के आसपास पानी न जमा होने दें, क्योंकि गंदा पानी मक्खियों के लिए प्रजनन स्थल बन जाता है।
नेचुरल चीजों से बनेगा काम
इन घरेलू उपायों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें केमिकल्स का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को कोई नुकसान नहीं होता। कपूर, तेजपत्ता, सिरका, नींबू, फिटकरी जैसी चीजें घर में आसानी से मिल जाती हैं और ये न सिर्फ मक्खियों को भगाती हैं, बल्कि माहौल को भी ताजा बनाए रखती हैं।