summer health tips: लू और कमजोरी से रहना है दूर, गर्मियों में अपनाएं ये देसी ड्रिंक

summer health tips: गर्मी बढ़ने के साथ शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से निकलने लगते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन और लू का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर सही पेय पदार्थों का सेवन करने से शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखा जा सकता है। नींबू पानी, सत्तू, आम पना और नारियल पानी जैसे देसी ड्रिंक्स इस मौसम में बेहद लाभकारी माने जाते हैं

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 11:42 AM
Story continues below Advertisement
Summer hydration: गर्मियों में नारियल पानी को सबसे अच्छा नेचुरल ड्रिंक माना जाता है।

गर्मी का मौसम आते ही शरीर को स्वस्थ और एनर्जेटिक बनाए रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। तेज धूप, बढ़ता तापमान और गर्म हवाएं शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी मिनरल्स को तेजी से बाहर निकाल देती हैं। ऐसे में अगर खान-पान और पीने की आदतों पर ध्यान न दिया जाए तो शरीर में कमजोरी, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। यही वजह है कि डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट गर्मियों में खानपान को लेकर खास सतर्क रहने की सलाह देते हैं। इस मौसम में सिर्फ ठंडी चीजें खाना ही काफी नहीं होता, बल्कि ऐसे पेय पदार्थों का चुनाव करना जरूरी होता है जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ जरूरी पोषक तत्व भी दें।

प्राकृतिक और घरेलू ड्रिंक्स इस मामले में काफी फायदेमंद माने जाते हैं। ये न सिर्फ शरीर को ठंडक देते हैं बल्कि ऊर्जा भी बनाए रखते हैं। इसलिए गर्मियों में अपनी डाइट में कुछ खास पेय पदार्थों को शामिल करना शरीर को स्वस्थ रखने का आसान और असरदार तरीका माना जाता है

पर्याप्त पानी पीना है सबसे जरूरी


डायटिशियन ममता पांडे के अनुसार गर्मियों में सबसे जरूरी चीज है भरपूर पानी पीना। उनका कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना लगभग ढाई से तीन लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। जिन लोगों का काम ज्यादा मेहनत वाला होता है या जिनकी शारीरिक गतिविधियां अधिक होती हैं, उन्हें इससे भी ज्यादा पानी की जरूरत पड़ सकती है। दरअसल, मानव शरीर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना होता है, इसलिए शरीर के सही तरीके से काम करने के लिए पानी बेहद जरूरी है।

नींबू शर्बत और आम पना से मिलेगी ठंडक

पानी के अलावा गर्मियों में कई प्राकृतिक पेय पदार्थ भी शरीर को राहत पहुंचाते हैं। इनमें नींबू का शर्बत सबसे आसान और लोकप्रिय ड्रिंक माना जाता है। इसमें मौजूद विटामिन C और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं।

वहीं कच्चे आम से बनने वाला आम पना भी गर्मियों का खास पेय है। यह विटामिन A, विटामिन C और फाइबर से भरपूर होता है। आम पना शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ लू से बचाने में भी मदद करता है। इसके अलावा सत्तू का शर्बत भी इस मौसम में काफी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें आयरन, प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं।

पुदीना और खीरे से बने शर्बत का कमाल

गर्मी में पुदीना और खीरा से तैयार पेय भी शरीर को ठंडक देने का बेहतरीन तरीका है। इन दोनों में पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जो शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने में मदद करती है। चाहें तो घर पर ही गरी, मिश्री, सौंफ और बादाम को पीसकर पौष्टिक शर्बत तैयार किया जा सकता है। यह न सिर्फ शरीर को पोषण देता है बल्कि गर्मी से राहत भी दिलाता है।

नारियल पानी और छाछ भी हैं सुपर ड्रिंक

गर्मियों में नारियल पानी को सबसे अच्छा नेचुरल ड्रिंक माना जाता है। इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखते हैं। रोजाना एक बार नारियल पानी पीने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। इसके अलावा छाछ भी गर्मियों के लिए बेहद लाभकारी है। यह पाचन को बेहतर बनाती है और शरीर को हल्का और तरोताजा महसूस कराती है।

डिहाइड्रेशन होने पर ओआरएस का सहारा

अगर किसी कारण से शरीर में पानी की कमी हो जाए तो ओआरएस का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। इससे शरीर को तुरंत जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स मिल जाते हैं और हाइड्रेशन लेवल जल्दी संतुलित हो जाता है। हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गर्मियों में बाजार में मिलने वाले ज्यादा शक्कर वाले कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाकर रखें। इनके बजाय प्राकृतिक पेय पदार्थों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना ही स्वास्थ्य के लिए बेहतर विकल्प है।

Clothes Washing Tips: सफेद कपड़े जल्दी पीले पड़ते हैं? अपनाएं ये आसान वॉशिंग टिप्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।