नवरात्रि 2025 का त्योहार इस साल 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। ये दस दिन मां दुर्गा की आराधना और व्रत रखने का समय होते हैं, जिसमें भक्त फलाहारी भोजन करते हैं। व्रत के दौरान सही और पौष्टिक भोजन का चुनाव बेहद जरूरी होता है, क्योंकि दिनभर ऊर्जा बनी रहे और कमजोरी न महसूस हो। ऐसे में कुट्टू के आटे से बने व्यंजन एकदम सही विकल्प साबित होते हैं। कुट्टू का आटा हल्का, पचने में आसान और स्वास्थ्यवर्धक होता है। नवरात्रि के दौरान आप इसे पूरी, पराठा, चीला, डोसा या पकौड़ी के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
ये व्यंजन न केवल स्वादिष्ट होते हैं बल्कि व्रत में भी ऊर्जा बनाए रखते हैं। कुट्टू से बने व्यंजन आपको दिनभर सक्रिय और तरोताजा महसूस कराते हैं, साथ ही व्रत के अनुभव को और भी आनंदमय और खास बना देते हैं।
कुट्टू की पूरी नवरात्र व्रत के दौरान भरपेट खाने का बेहतरीन विकल्प है। आटे में उबले आलू, धनिया, सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर गूथें। फिर लोइयां बनाकर बेलें और गर्म तेल में तलें। इसे हलवा, सब्ज़ी या दही के साथ परोसें। ये पूरी जल्दी बनती है और स्वादिष्ट होती है।
पराठा खाने के शौकीनों के लिए व्रत में कुट्टू का पराठा एक आदर्श विकल्प है। आटे में उबले आलू, हरी मिर्च और धनिया डालकर गूथें। तवे पर हल्का घी लगाकर पराठा सेंकें। इसे दही या हरी चटनी के साथ परोसें। ये पेट को तृप्त करता है और स्वाद भी लाजवाब होता है।
अगर हल्का और हेल्दी व्यंजन चाहिए तो कुट्टू का चीला ट्राई करें। आटे में दही, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर घोल तैयार करें। तवे पर हल्का घी लगाकर चीला सेंकें और हरी चटनी के साथ परोसें। ये स्नैक व्रत में तुरंत ऊर्जा देता है और खाने में भी लाजवाब है।
साउथ इंडियन फूड पसंद करने वालों के लिए कुट्टू का डोसा बेस्ट है। आटे में आलू या अरबी मिलाकर पतला घोल तैयार करें। तवे पर हल्का तेल लगाकर क्रिस्पी डोसा बनाएं। इसे पुदीने की चटनी और चाय के साथ सर्व करें। डोसा हल्का होने के साथ स्वाद में भी भरपूर है।
चाय के साथ हल्का और कुरकुरा स्नैक चाहिए तो कुट्टू की पकौड़ी बनाएं। आटे में कद्दूकस आलू, हरी मिर्च, जीरा, धनिया पाउडर और चाट मसाला मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार करें। इसे तेल में तलें। ये क्रिस्पी पकौड़ी व्रत में खाने का मजेदार विकल्प है।
हेल्दी विकल्प की तलाश हो तो कुट्टू की इडली बनाएं। आटे को दही में घोलकर गाढ़ा बैटर तैयार करें। इसमें घिसा अदरक, हरी मिर्च, नमक और व्रत वाले मसाले डालें। इडली पैन में डालकर 10-15 मिनट स्टीम करें। इसे हरी चटनी और चाय के साथ सर्व करें।