बरसात का मौसम हरियाली और ताजगी तो लाता है, लेकिन इसके साथ कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। खासतौर पर हरी सब्जियों को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होती है। इस मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाने के कारण सब्जियों पर कीड़े, बैक्टीरिया और फफूंद तेजी से पनपने लगते हैं। फूलगोभी और पत्तागोभी जैसी सब्जियां दिखने में तो साफ लगती हैं, लेकिन इनके अंदर छोटे-छोटे कीड़े आसानी से छिप जाते हैं। अक्सर लोग इन्हें जल्दी में बस धोकर ही पका लेते हैं, जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। बरसात के इन दिनों में जरा सी लापरवाही पेट दर्द, इंफेक्शन या फूड पॉइजनिंग तक का कारण बन सकती है।
इसलिए इन सब्जियों को पकाने से पहले अच्छी तरह साफ करना बेहद ज़रूरी है। कुछ घरेलू उपाय अपनाकर आप इन सब्जियों को कीटाणु मुक्त और सुरक्षित बना सकते हैं।
गर्म पानी में डालें नमक और हल्दी
फूलगोभी या पत्तागोभी को छोटे टुकड़ों में काट लें और एक कटोरे में गर्म पानी भरें। अब इसमें एक चम्मच नमक और एक चम्मच हल्दी डालें। सब्जी के टुकड़ों को 15 मिनट तक इसमें भिगो कर रखें। इससे सब्जी के अंदर छिपे कीड़े और बैक्टीरिया बाहर आ जाते हैं।
सिरका या नींबू के रस से करें कीटाणु दूर
सिरका एक नेचुरल क्लीनर है। फूलगोभी या पत्तागोभी को सिरके वाले पानी में 10–15 मिनट तक डुबोकर रखें। चाहें तो इसमें थोड़ा नमक भी मिला सकते हैं। नींबू का रस या बेकिंग सोडा भी मिलाकर आप ये क्लीनिंग कर सकते हैं। इससे कीड़े, फंगस और बैक्टीरिया आसानी से हट जाते हैं।
बर्फ के पानी में डुबोकर भी निकलेंगे कीड़े
एक कटोरे में बर्फ के टुकड़े और थोड़ा पानी डालें। अब इसमें गोभी के टुकड़े डालें और 10 मिनट तक छोड़ दें। बर्फ की ठंडक से कीड़े अकड़कर पानी की सतह पर आ जाते हैं, जिससे उन्हें आसानी से हटाया जा सकता है।
आजकल सब्जियों को धोने के लिए खास तौर पर बनाए गए वेजिटेबल क्लीनर या सैनिटाइजर भी मिलते हैं। बारिश के दिनों में जब संक्रमण का खतरा ज़्यादा होता है, ऐसे में इनका उपयोग सब्जियों को सुरक्षित बनाने के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
सिर्फ बहते पानी से धोना न पड़े भारी
अक्सर लोग फूलगोभी और पत्तागोभी को सिर्फ एक बार पानी से धोकर पकाना शुरू कर देते हैं, जो काफी रिस्की हो सकता है। इन सब्जियों की बनावट ऐसी होती है कि अंदर की ओर कीड़े छिपे रह सकते हैं। इसलिए हमेशा इन सब्जियों को काटने के बाद अच्छे से साफ करना जरूरी है।
पेट की बीमारियों से बचने के लिए सफाई जरूरी
अगर सब्जियों में छिपे कीड़े आपके खाने में चले जाएं, तो इससे पेट दर्द, उल्टी या फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बारिश में इनसे बचने का सबसे अच्छा तरीका है—सावधानी और सफाई।
फूलगोभी और पत्तागोभी का स्वाद सभी को पसंद होता है, लेकिन इसे पकाने से पहले इन आसान तरीकों से कीड़े और गंदगी साफ कर लें। तब आप और आपका परिवार स्वाद के साथ सेहत का भी मजा ले सकेंगे।