Breakfast Food: सुबह उठकर ब्रेकफास्ट करना सेहत के लिए सबसे फायदेमंद माना जाता है। ब्रेकफास्ट में हम जो भी खाते हैं उसका असर पूरे दिन तक रहता है। इसका असर सिर्फ एक्टिव रहने पर नहीं बल्कि डाइजेशन, मेटाबॉलिज्म और हार्मोन बैंलेंस पर भी होता है। अगर सुबह शरीर को जरूरी पोषक तत्व अच्छी तरह मिलते हैं तो दिन भर थकान महसूस नहीं होती है। अगर आपको अक्सर पेट फूलने, स्लो डाइजेशन या हार्मोन से जुड़ी दिक्कतें होती हैं, तो सुबह हल्का लेकिन पोषण से भरपूर खाना बहुत जरूरी है।
ऐसे में आपको ब्रेकफास्ट में कुछ सुपरफूड्स खाने चाहिए। इसको खाली पेट लेने से शरीर को अधिक लाभ मिलता है और दिनभर हल्का और एक्टिव फील करते हैं।
भीगी हुई काली किशमिश सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है, खासकर अगर इसे सुबह खाली पेट खाया जाए। इसमें आयरन, फाइबर और नैचुरल शुगर होते हैं, जो खून की कमी दूर करने, डाइजेशन सुधारने और हल्की एनर्जी देने में मदद करते हैं। यह कब्ज, एसिडिटी और हार्मोनल समस्याओं में भी राहत दे सकती है, खासकर महिलाओं के लिए फायदेमंद मानी जाती है। रातभर भीगने के बाद किशमिश नरम और स्वादिष्ट हो जाती है, जिससे पेट साफ रहता है और डाइजेशन भी बेहतर होती है।
रातभर भिगोए गए चिया सीड्स सुबह खाली पेट खाने के लिए एक बढ़िया ऑप्शन हैं। भीगने के बाद ये बीज जैली जैसे हो जाते हैं, जिससे ये डाइजेशन में आसान हो जाते हैं और पेट को ठंडक भी पहुंचाते हैं। इनमें ओमेगा-3, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, जो डाइजेशन सुधारने, आंत को हाइड्रेट रखने और शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। इन्हें शहद या दालचीनी के साथ पानी या प्लांट बेस्ड दूध में मिलाकर लेना फायदेमंद होता है।
सुबह कच्चा नारियल के कुछ टुकड़े या एक चम्मच वर्जिन नारियल तेल लेना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद खास फैटी एसिड जल्दी डाइजेस्ट होता है और इंस्टेंट एनर्जी देता हैं। ये फैट भी नहीं बढ़ने देता है। यह डाइजेशन सुधारता है, हानिकारक बैक्टीरिया को कम करता है और मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के साथ-साथ मीठा खाने की इच्छा भी घटाता है।
भीगे हुए बादाम सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। बादाम में विटामिन ई, हेल्दी फैट और प्रोटीन भरपूर होता है। जब इन्हें रातभर भिगोकर सुबह खाया जाए, तो ये शरीर के लिए और भी ज्यादा फायदेमंद हो जाते हैं। रातभर भिगोने से इनके एंजाइम सक्रिय हो जाते हैं और पाचन आसान हो जाता है। 3-4 बादाम को रोज सुबह इन्हें खाली पेट खाने से दिमाग तेज होता है, त्वचा निखरती है और पूरे दिन एनर्जी बनी रहती है।
आलूबुखारा (प्लम) सेहत के लिए बहुत फायदेमंद फल है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। इसमें घुलनशील फाइबर और प्राकृतिक शुगर होती है, जो पाचन सुधारने और कब्ज से राहत देने में मदद करती है। खासकर महिलाओं के लिए यह हड्डियों की मजबूती और हार्मोन संतुलन में सहायक है, क्योंकि इसमें पोटैशियम और बोरॉन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। अगर आप दो सूखे प्लम को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाएं, तो यह दिन की एक हल्की और पोषण से भरपूर शुरुआत हो सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।