सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरी मिर्च की भरमार देखने को मिलती है। सब्जी खरीदते समय दुकानदार अक्सर थोड़ी-सी हरी मिर्च फ्री में दे देता है, जिसे हम घर लाकर यूं ही रख देते हैं। सही तरीके से स्टोर न होने की वजह से यही मिर्च कुछ ही दिनों में नरम पड़ने लगती है या सड़ जाती है। कई बार मजबूरी में इन्हें फेंकना भी पड़ता है, जिससे न स्वाद बचता है और न पैसे। जबकि थोड़ी सी समझदारी और सही तरीका अपनाकर इन हरी मिर्चों को लंबे समय तक फ्रेश रखा जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे उपाय या खास सामान की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद चीजों से ही हरी मिर्च को महीनों तक इस्तेमाल लायक बनाया जा सकता है।
अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी हरी मिर्च लंबे समय तक खराब न हो और हर सब्जी में उसका ताजा तीखापन बना रहे, तो कुछ आसान स्टोरेज टिप्स जान लेना आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
महीनों तक चलेगा हरी मिर्च का पेस्ट
अगर आपको हरी मिर्च का फ्रेश स्वाद पसंद है, तो इसका पेस्ट बनाकर फ्रिज में रखना सबसे आसान तरीका है। सबसे पहले सारी मिर्चियों की डंठल निकाल लें और अच्छी तरह धो लें। अब उन्हें साफ कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। इसके बाद मिर्चियों को छोटे टुकड़ों में काटें और मिक्सी जार में डालें। स्वाद और प्रिजर्वेशन के लिए थोड़ा नमक और नींबू का रस मिलाएं और बारीक पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को साफ और सूखे कांच के जार में भरें। ऊपर से कुछ बूंद तेल डालना न भूलें, इससे मिर्ची लंबे समय तक खराब नहीं होगी। जार पर डेट लिखकर फ्रिज में रख दें, यह पेस्ट महीनों तक आराम से चलेगा।
फ्रिज में हरी मिर्च स्टोर करने का स्मार्ट तरीका
अक्सर फ्रिज में रखने के बाद भी हरी मिर्च सूख जाती है या सड़ने लगती है। इससे बचने के लिए मिर्चियों को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। अब एक साफ और सूखे प्लास्टिक के डिब्बे में नीचे कॉटन का कपड़ा बिछाएं और उसमें मिर्ची रख दें। ढक्कन बंद कर फ्रिज में रखें। इस तरीके से हरी मिर्च लंबे समय तक फ्रेश और कुरकुरी बनी रहती है।