बच्चों की जिंदगी कंट्रोल नहीं, गाइड करें! यही तरीका बनाएगा उन्हें आत्मनिर्भर

बच्चे को हर बात पर उसकी मनमानी करने देना या उसकी हर जिद पूरी कर देना ही प्यार नहीं होता। कई बार माता-पिता प्यार के नाम पर बच्चों को किसी भी बात के लिए रोकते-टोकते नहीं हैं, लेकिन इसका असर उनकी आदतों और व्यवहार पर गलत पड़ सकता है। यदि बच्चे को हर बार अपनी बात मनवाने का आदत हो जाए, तो उसमें जिद, गुस्सा और दूसरों की बात न मानने जैसी आदतें बढ़ सकती हैं। इसलिए माता-पिता को बच्चे से प्यार जरूर करना चाहिए, लेकिन साथ ही उसे सही और गलत का फर्क भी समझाना चाहिए।

अपडेटेड Aug 25, 2026 पर 9:18 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बच्चों के बड़े होने के साथ उनका बिहेवियर बदलता हुआ दिखाई देता है। वे कभी छोटी-सी बात पर नाराज होकर कमरे में चले जाते हैं, तो कभी माता-पिता की बात सुनने के बजाय चुप रहना पसंद करते हैं। ऐसे समय में बच्चों को हर कदम पर रोकने या उनकी हर जरूरत खुद पूरी करने के बजाय, उन्हें धीरे-धीरे अपनी जिम्मेदारियां संभालने का मौका देना ज्यादा जरूरी है।

बच्चों के लिए माता-पिता का प्यार और चिंता होना आम बात है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सुरक्षा बच्चे को खुद से चीजें समझने नहीं देती है। इसलिए समझदार पैरेंट्स बच्चों के साथ प्यार और भरोसे का सही बैलेंस बनाते हैं, ताकि बच्चा अपनी गलतियों से सीखते हुए आगे बढ़ सके। इसके लिए माता-पिता कुछ आसान टिप्स अपना सकते हैं, जो बच्चों को जिम्मेदार बनाने में मदद करेंगे।

parent1


1. जिम्मेदारी सौंपें

बच्चे का काम आसान बनाने के लिए हर चीज खुद करने से बचना चाहिए, जिससे वह धीरे-धीरे दूसरों पर डिपेंड होने लगता है। कपड़े चुनने, अपना सामान ऑर्गेनाइज करने, स्कूल बैग तैयार करने या छोटी जिम्मेदारियां निभाने जैसे काम उसे खुद करने दें। यदि वह किसी काम में गलती करता है, तो तुरंत उसकी जगह काम करने के बजाय उसे दोबारा कोशिश करने का मौका दें। इससे बच्चा छोटी-बड़ी परेशानियों में खुद को संभाल सकता है।

2. ‘नहीं’ कहना सीखें

बच्चे की हर जिद पूरी करना प्यार जताने का सही तरीका नहीं है। अगर बच्चा किसी ऐसी चीज की मांग करता है जो जरूरी नहीं है या उसके लिए सही नहीं है, तो माता-पिता को बिना गुस्सा किए साफ तौर पर मना करना चाहिए। सिर्फ ‘नहीं’ कहकर बात खत्म करने के बजाय, छोटी और आसान भाषा में वजह भी समझाएं।

3. गलतियों से सीखने दें

माता-पिता अक्सर बच्चे को परेशानी में देखकर तुरंत उसकी मदद करने लगते हैं, लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है। बच्चा कोई छोटी गलती करता है, तो पहले उसे खुद सुधारने का मौका दें। जरूरत पड़ने पर सिर्फ थोड़ी मदद करें। अपनी गलतियों से सीखने वाला बच्चा आगे चलकर मुश्किल सिचुएशन में घबराने के बजाय खुद रास्ता निकालना सीखता है।

4. दूसरे बच्चों से तुलना

हर बच्चा अपनी कैपेसिटी के हिसाब से सीखता है। इसलिए उसे किसी रिश्तेदार, दोस्त या पड़ोसी के बच्चे से बार-बार तुलना करना उसके कॉन्फिडेंस को कम कर सकता है। बच्चा किसी काम में दूसरे से पीछे है, तो उसे ताने देने के बजाय उसकी मेहनत पर ध्यान दें। वह जहां अच्छा कर रहा है, उसकी तारीफ करें और जहां सुधार की जरूरत है, वहां प्यार से समझाएं।

5. दोस्त बनकर सुनें

माता-पिता से भी गलती हो सकती है और इसे स्वीकार करने में कोई बुराई नहीं है। अगर कभी बच्चे पर बिना वजह गुस्सा हो गया हो या बात गलत समझ ली हो, तो उससे माफी मांगने से माता-पिता की इज्जत कम नहीं होती। जिससे बच्चा सीखता है कि अपनी गलती स्वीकार करना कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है।

अच्छी परवरिश का मतलब बच्चों को हर परेशानी से बचाना नहीं, बल्कि उन्हें जिंदगी की छोटी-बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार करना है। जब माता-पिता प्यार के साथ भरोसा देते हैं, तो बच्चे अपनी जिम्मेदारियां समझना, सही फैसले लेना और खुद पर विश्वास करना सीखते हैं। यही आदतें आगे चलकर उन्हें आत्मनिर्भर इंसान बनाने में मदद करती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।