'उम्र बढ़ने की रफ्तार धीमी करने की दिशा में बड़ी खोज', Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल का दावा

Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल का दावा है कि उनकी कंपनी ‘Continue’ ने मानव उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी करने में अहम खोज की है। उनका कहना है कि यह खोज इंसान की उम्र और जीवन की परिभाषा हमेशा के लिए बदल सकती है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Nov 13, 2025 पर 10:35 PM
Story continues below Advertisement
दीपिंदर गोयल ने 2024 में Continue नाम से यह प्रोजेक्ट शुरू किया था।

फूड डिलीवरी कंपनी Zomato के फाउंडर और Eternal के CEO दीपिंदर गोयल ने अपने नए लॉन्गेविटी प्रोजेक्ट ‘Continue’ को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। उन्होंने इशारा किया है कि उनकी टीम ने मानव उम्र बढ़ने (Aging) की प्रक्रिया को धीमा करने में एक बड़ा सुराग खोज लिया है।

Aging पर नई सोच

दीपिंदर गोयल ने गुरुवार, 13 नवंबर को X (ट्विटर) पर एक रहस्यमयी पोस्ट में लिखा कि जैसे कभी इंसान मानता था कि पृथ्वी सपाट है, वैसे ही आज हम Aging को लेकर किसी बड़ी सच्चाई को नजरअंदाज कर रहे हो सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हमने रॉकेट बनाए, जीनोम को सीक्वेंस किया और सेल्स को क्लोन किया। लेकिन अपनी सारी बुद्धिमत्ता के बावजूद, शायद हमने कुछ बेहद साधारण चीज को नजरअंदाज कर दिया है।'


गोयल ने बताया कि उनकी टीम ने दो साल की रिसर्च के दौरान हमारे पर्यावरण के एक तत्व की पहचान की है, जो इंसान की उम्र बढ़ाने की कुंजी हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस खोज के बारे में 48 घंटे के भीतर, यानी 15 नवंबर को, विस्तार से जानकारी साझा करेंगे।

क्या है ‘Continue’ प्रोजेक्ट

दीपिंदर गोयल ने 2024 में Continue नाम से यह प्रोजेक्ट शुरू किया था। इसमें उन्होंने अपनी करीब ₹221 करोड़ की निजी पूंजी लगाई है। शुरुआत में यह सिर्फ एक रिसर्च इनिशिएटिव था, जो उम्र बढ़ने की जैविक प्रक्रिया (Biology of Aging) को समझने पर केंद्रित था।

पिछले महीने गोयल ने X पर बताया था कि यह प्रोजेक्ट इस सोच से शुरू हुआ कि 'अगर मानव शरीर एक सिस्टम है, तो इसके भी कुछ leverage points होंगे- ऐसे छोटे लीवर जिन्हें सही ढंग से एडजस्ट करने पर हम यह तय कर सकते हैं कि हम कितनी तेजी से बूढ़े हों।'

उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने एक ‘penny-drop insight’ यानी ऐसा सरल लेकिन छिपा हुआ विचार खोजा है, जो सदियों से हमारी आंखों के सामने रहा है। लेकिन किसी ने उसे ठीक से पहचाना नहीं।

180 साल तक जीने का लक्ष्य

गोयल के मुताबिक, Continue का मकसद ऐसा भविष्य बनाना है, जहां आम लोग भी 180 साल या उससे ज्यादा उम्र तक स्वस्थ जीवन जी सकें।

अगर दीपिंदर गोयल का यह दावा सही साबित होता है, तो यह सिर्फ टेक्नोलॉजी या मेडिसिन की खोज नहीं होगी, बल्कि इंसान की उम्र और जीवन की परिभाषा को हमेशा के लिए बदल देने वाली वैज्ञानिक क्रांति साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें : How to sleep fast: रात में सोने में दिक्कत? जानें सिर्फ 2 मिनट में नींद लाने का तरीका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।