Rajasthan Assembly Election 2023 Live: केंद्रीय मंत्री का दावा- 'राजस्थान में ऐसा बदलाव होगा कि इतिहास बन जाएगा'
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान में मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोग अशोक गहलोत सरकार से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने 2018 में किए गए एक भी वादे को उन्होंने पूरा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि इस बार राजस्थान में ऐसा बदलाव होगा कि इतिहास बन जाएगा। बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 के तहत राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवंबर को मतदान होगा। जिलों में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभा क्षेत्रों में कुल 51,507 मतदान केंद्रों पर 5,26,90,146 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
शेखावत ने न्यूज एजेंसी ANI कहा, "...राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने समाज के हर वर्ग के साथ धोखा किया। 2018 में किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया... परिवर्तन के संकल्प के साथ जनता जुटी है, अबकी बार राज बदलेगा और इतनी बुरी तरह बदलेगा कि एक नया इतिहास बनेगा।" केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "2013 में जब बीजेपी को 163 सीट मिली थी और कांग्रेस 21 पर सिमट गई थी, तब भी उन्हें (अशोक गहलोत) करंट का स्पंदन महसूस हुआ था। तब वे यह भांप नहीं पाए थे कि वे जो स्पंदन महसूस कर रहे थे, वह उनकी सरकार को हटाने की सुनामी थी। अभी भी ऐसी ही स्थिति है।"