दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ 'आरोप पत्र' (चार्जशीट) जारी किया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किए गए इस दस्तावेज में पार्टी पर कई एडमिनिस्ट्रेशन फैल्यूर और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया। अनुराग ठाकुर ने जनता से जुड़े मुद्दों को हैंडल करने के केजरीवाल सरकार के तरीकों की जमकर आलोचना की, जिसमें उन्होंन हाल ही में ओल्ड राजेंद्र नगर में बारिश के कारण आई बाढ़ के कारण तीन UPSC अभ्यर्थियों की दुखद मौत का मुद्दा भी उठाया।
ठाकुर ने कहा, "वे दिल्ली को झीलों का शहर बनाना चाहते थे, लेकिन इसके बजाय, हमने उनकी लापरवाही के कारण युवाओं की जान जाते देखी है।" ठाकुर ने कहा, "अत्यधिक वायु प्रदूषण और खराब सीवेज सिस्टम के कारण दिल्ली गैस चैंबर बन गई है। इससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां हो रही हैं। पानी प्रदूषित हो गया है... आज दिल्ली को बचाने और अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार को खत्म करने का समय आ गया है।"
ठाकुर ने नारा दिया, "घोटाले पर घोटाला, केजरीवाल ने बनाया दिल्ली को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला।" उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली में AAP को सत्ता से हटा देगी।
इसी तरह की भावनाएं जताते हुए, बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार के भीतर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और मिसमैनेजमेंट का आरोप लगाया। उन्होंने शहर की जल निकासी व्यवस्था की खराब स्थिति पर प्रकाश डाला और AAP पर सार्वजनिक कल्याण पर व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
सचदेवा ने टिप्पणी में कहा, “आप सरकार नालों को साफ करने में विफल रही है, जिससे गंभीर बाढ़ आई और लोगों की जान चली गई। उन्होंने केवल अपने फायदे को देखा।" आरोप पत्र जारी होने से राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक लड़ाई तेज हो जाएगी, AAP ने अभी तक इन आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
जैसे-जैसे शहर अगले चुनावी मुकाबले के लिए तैयार हो रहा है, अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक चर्चा में आरोप-प्रत्यारोप के हावी होने की उम्मीद है।