Credit Cards

'आतिशी ने अपने पिता को ही बदल लिया' प्रियंका के बाद अब दिल्ली CM को लेकर ये क्या बोल गए रमेश बिधूड़ी!

Delhi Assembly Election 2025: इससे पहले रमेश बिधूड़ी की रविवार को उस टिप्पणी के लिए आलोचना हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कें कांग्रेस नेता 'प्रियंका गांधी के गालों' जैसी बनवा देंगे। कांग्रेस ने 'महिलाओं का अपमान' करने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की, जबकि बिधूड़ी की पार्टी के कुछ नेताओं ने बयान पर अपनी असहमति जताई

अपडेटेड Jan 05, 2025 पर 10:58 PM
Story continues below Advertisement
'आतिशी ने अपने पिता को ही बदल लिया' प्रियंका के बाद अब दिल्ली CM को लेकर ये क्या बोल गए रमेश बिधूड़ी!

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे BJP विधायक प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने अब दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ एक और विवादित बयान दे दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में एक रैली के दौरान कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार ने आतिशी पर व्यक्तिगत कटाक्ष करते हुए दावा किया कि "उन्होंने अपने पिता को बदल दिया है।"

बिधूड़ी ने कहा, "यह मार्लेना (आतिशी) सिंह नहीं बन गई है। उसने अपना नाम बदल लिया है। (अरविंद) केजरीवाल ने बच्चों की कसम खाई थी कि वह भ्रष्ट कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। मार्लेना ने अपने पिता को बदल लिया। वह पहले मार्लेना हुआ करती थीं। अब वह सिंह बन गई हैं। यह AAP के चरित्र को दर्शाता है।"

इससे पहले रमेश बिधूड़ी की रविवार को उस टिप्पणी के लिए आलोचना हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कें कांग्रेस नेता 'प्रियंका गांधी के गालों' जैसी बनवा देंगे। कांग्रेस ने 'महिलाओं का अपमान' करने के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की, जबकि बिधूड़ी की पार्टी के कुछ नेताओं ने बयान पर अपनी असहमति जताई।


प्रियंका वाले बयान पर जताया खेद

बिधूड़ी पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। वह शुरू में अपनी बात पर कायम रहे और उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता लालू प्रसाद की अभिनेत्री और BJP सांसद हेमा मालिनी पर की गई इसी तरह की टिप्पणी की ओर इशारा किया।

हालांकि, बाद में उन्होंने ‘X’ पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा अगर उनकी टिप्पणियों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह खेद प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए उनकी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला है।

रमेश बिधूड़ी ने लालू के बयान से किया बचाव

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बिधूड़ी को कथित रूप से यह कहते सुना जा सकता है, “लालू ने बिहार में कहा था कि वह हेमा मालिनी के गालों जैसी सड़कें बनाएंगे, लेकिन उन्होंने झूठ बोला, वह ऐसा नहीं कर सके।”

उन्होंने कहा '...(लेकिन) मैं आपको आश्वासन देता हूं कि जैसे हमने ओखला और संगम विहार में सड़कें बनाईं, वैसे ही हम कालकाजी की सभी सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसी बना देंगे।'

रमेश बिधूड़ी ने वापस लिया 'प्रियंका गांधी के गाल' वाला विवादित बयान, AAP और कांग्रेस ने बीजेपी को बताया 'महिला विरोधी'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।