MP Election 2023: मध्य प्रदेश (MP) में कांग्रेस (Congress) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जन आशीर्वाद यात्रा (Jan Ashirvad Yatra) की तर्ज पर ही जन आक्रोश यात्रा (Jan Akrosh Yatra) निकालने का ऐलान किया है। ये यात्रा 15 सितंबर यानि आज से शुरू होनी थी, लेकिन फिलहाल इसे टाल दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट् के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले एक पदाधिकारी ने कहा कि यात्रा के रूट और उनकी भागीदारी पर पार्टी नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद अब ये यात्रा शुरू की जाएगी।
इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजे वाला ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर में एक बैठक बुलाई है। बैठक में जन आक्रोश यात्रा के बारे में जिलाध्यक्षों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, ये पहला मौका है, जब प्रदेश कांग्रेस इतने व्यापक तरीके से चुनाव से जुड़ी कोई यात्रा शुरू करेगी।
Hindustan Times के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले पार्टी के एक दूसरे पदाधिकारी ने कहा, "स्क्रीनिंग कमेटी के गठन में अंदरूनी कलह का नतीजा पहले ही भुगत चुके हैं, जब तीन वरिष्ठ नेताओं सुरेश पचौरी, अरुण यादव और अजय सिंह को नजरअंदाज किया गया और फिर पार्टी को उन्हें इसमें शामिल करना पड़ा।"
नेता ने आगे कहा कि अब जब दो महीने के भीतर चुनाव होना है, तो नहीं चाहते कि दोबारा ऐसी कोई स्थिति पैदा हो। इसलिए, पार्टी तभी यात्रा आगे बढ़ाएगी जब समय, रूट और इसमें नेताओं की भागीदारी पर पार्टी नेताओं के बीच सहमति होगी।
हालांकि, उन्होंने कहा, ये तय है कि यात्रा उन रूट को भी कवर करेगी, जहां से BJP की जन आशीर्वाद यात्रा गुजरेगी। अलग-अलग क्षेत्रों में यात्रा का नेतृत्व करने में स्थानीय आदिवासी और दलित नेता प्रमुखता से शामिल होंगे।
वहीं रिपोर्ट में तीसरे पदाधिकारी ने दावा किया कि जन आक्रोश यात्रा के तुरंत बाद पार्टी का गहन चुनाव अभियान 5 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा, "पार्टी ने कभी भी यात्रा शुरू करने की तारीख 15 सितंबर घोषित नहीं की। हम यात्रा के सभी पहलुओं पर काम कर रहे हैं। एक बार ये सब खत्म हो जाने के बाद, पार्टी औपचारिक रूप से यात्रा शुरू करने से पहले इसे मीडिया के जरिए सबके सामने रखेगी।"